साढौरा। साढौरा-मुलाना मार्ग पर गांव कनीपला के निकट वीरवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई और उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने यातायात बहाल कराते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार गांव सरदेहड़ी निवासी 28 वर्षीय गुरमीत दो बच्चों का पिता था। गुरमीत अपने साथी प्रवीन के साथ काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। गांव कनीपला के पास उनकी बाइक आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक ट्रक के नीचे फंस गई और गुरमीत के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई और प्रवीन घायल हो गया।
विज्ञापन
राहगीरों और पुलिस कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद ट्रक के नीचे फंसी बाइक को बाहर निकाला। घायल प्रवीन को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साढ़ौरा भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जगाधरी के नागररिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया की शिकायत के आधार पर प्राथमिक की दर्ज कर ली गई है। साढौरा थाना पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गांव कनीपला के निकट हुए हादसे में ट्रक के नीचे फंसी बाइक। संवाद