संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। छप्पर थाना क्षेत्र के भंभोल में ईको कार ने युवक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से 40 वर्षीय सुभाष की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर छप्पर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सुभाष की बहन आशा सिंह ने बताया कि मोहाली के खरड़ निवासी सुभाष उनके बड़े भाई थे। शिकायत के अनुसार 16 सितंबर को दोपहर भंभोल क्षेत्र में सड़क हादसा हुआ। आरोप है कि मनदीप सिंह अपनी मारुति ईको कार को तेज रफ्तार और गफलत व लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। हादसे में सुभाष की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके से संबंधित जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी चालक मनदीप सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। वाहन से संबंधित दस्तावेज और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।