सदर थाना क्षेत्र के रायपुर में 20 अगस्त को मारपीट से बचने के लिए भागते समय फैक्टरी से बॉयलर में गिरकर झुलसे युवक की रविवार को पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में पहले तीन लोगों पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया था। अब पुलिस ने इस मामले में मामले में गैर इरादातन हत्या की धारा 304 इजाद कर दी है। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
गांव लापरा निवासी नफीस ने बताया कि वह और उसका दोस्त गुलफाम 20 अगस्त को रायपुर मोड पर स्थित अपने दोस्त विपिन के क्वार्टर पर गया था। वहां पर विपिन उसके पिता से फोन पर बात करने लग गया। दूसरे क्वार्टरों में रह रहे मजदूरों ने तेज आवाज में म्यूजिक चलाना शुरू कर दिया। इससे फोन पर बात नहीं कर पा रहे थे। विपिन उन्हें समझाने गया। समझाने पर वे गाली गलौच करने लगे। बात बढ़ने पर उन्होंने उन पर हमला कर दिया। हमले के डर से भागते हुए उसका दोस्त गुलफाम एक फैक्टरी की छत पर चला गया। वहां पर सीमेंट की शीट कमजोर होने से वह नीचे आ गिरा और बॉयलर में गिर गया। इससे वह बुरी तरह झुलस गया था। आसपास के लोग उसे अस्पताल लेकर गए तो वहां से पीजीआई रेफर कर दिया था। रविवार को उसकी वहां उपचार के दौरान मौत हो गई।
सदर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में वासुदेव, शिवप्रसाद और अर्जुन के खिलाफ पहले मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया था। अब उसकी मौत हो गई है। इसलिए केस में 304 की धारा लगाई गई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।