मृतक शौरभ के परिजनों के बयान दर्ज करती पुलिस। संवाद
यमुनानगर। सदर यमुनानगर क्षेत्र के गांव गदौला माजरा निवासी 23 वर्षीय सौरभ की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। मंगलवार रात उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सौरभ पोलो प्लास्टिक कंपनी में कार्यरत था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। उसके परिवार में पत्नी और सात माह का एक बेटा है। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल में सूचना मिलते ही परिजन और रिश्तेदार पहुंच गए। पत्नी व स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में युवक के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता लगा पाएगा। संवाद
मृतक शौरभ के परिजनों के बयान दर्ज करती पुलिस। संवाद