यमुनानगर। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने शहर की रणजीत कॉलोनी से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 12.52 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सेल के इंचार्ज जसविंद्र सिंह ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली कि एक युवक रणजीत कॉलोनी के पास नशीले पदार्थ लेकर घूम रहा है। इस पर टीम ने मौके पर जाकर युवक को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली तो उससे 12.52 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान नवाब कॉलोनी निवासी विनोद के रूप में हुई। इंचार्ज ने बताया कि आरोपी विनोद पर 2023 में एनडीपीएस एक्ट के आरोप में केस दर्ज है।