बुड़िया के गांव शहजादपुर की टपरिया से लापता विकास (30) का शव पश्चिमी यमुना नहर से बाड़ी माजरा पुल के पास से बरामद हुआ है। विकास 26 अगस्त को घर से लापता हो गया था। तब से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। देर शाम तक बाड़ी माजरा पुल के पास से एक युवक का शव बरामद किया गया। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर जब शिनाख्त की तो वह विकास का ही शव निकला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। बता दे कि 26 अगस्त की सुबह करीब सात बजे विकास घर से बिना बताए निकल गया था। परिजनों ने पहले सोचा कि शायद वह घूमने के लिए गया होगा। जब देर शाम तक वापस नहीं आया तो उसके पिता बिहारी लाल ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में युवक की गुमशुदगी का केस दर्ज किया था।