एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने 6.20 ग्राम हेरोइन के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इंचार्ज प्रमोद वालिया ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली कि छछरौली दादूपुर हेड पर एक युवक बाइक पर सवार होकर नशीले पदार्थ बेचने के लिए घूम रहा है। इस सूचना के आधार पर उनकी टीम ने मौके पर जाकर वहां घूम रहे युवक को गिरफ्तार किया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ लाल सिंह को बुलाया गया। जिसके सामने पकड़े गए युवक की तलाशी ली तो उसके पास से 6 ग्राम 20 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। उसकी पहचान छछरौली की रहमियां कॉलोनी निवासी खालिद उर्फ काला के नाम से हुई।