यमुनानगर। रेलवे रोड स्थित गारमेंट्स की दुकान में खरीदारी कर रही महिला का पर्स चोरी कर फरार हो गया। पर्स में 10 हजार की नकदी व दस्तावेज थे। पुलिस ने दो अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पेपर मिल कॉलोनी निवासी अमृता सिंह ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार को वह अपने पति आकाश के साथ रेलवे रोड स्थित जग्गा गारमेंट्स में खरीदारी करने के लिए आई थी। जब वह खरीदारी करने में व्यस्त थी तो अज्ञात युवक ने उसके पर्स से छोटा पर्स चोरी कर लिया। जिसमें 10 हजार रुपये की नकदी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, वोटर कार्ड व अन्य दस्तावेज थे। जब उसने पीछे मुड़कर देखा तो आरोपी दुकान के बाहर बाइक पर खडे़ अपनी साथी की बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। उसे पकड़ने का प्रयास किया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। जांच अधिकारी एएसआई भीम सिंह का कहना है कि अज्ञात दो युवकों पर केस दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश की जा रही है। संवाद