यमुनानगर। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने शहर की करतारपुरा कॉलोनी से एक्टिवा सवार युवक को प्रतिबंधित नशीली दवाइयां का जखीरा लेकर जाते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। पकड़े गए युवक के तार उत्तर प्रदेश से जुड़े हैं। जहां से वह प्रतिबंधित दवाइयां लेकर आता था और आगे युवाओं को बेचने का काम करता था।
डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज बलराज की टीम को सूचना मिली थी कि रामपुरा के पास करतारपुरा कॉलोनी में एक युवक एक्टिवा पर सवार होकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां लेकर निकलेगा। इस सूचना पर उप निरीक्षक ओमप्रकाश की टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर युवक को काबू किया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग के ईटीओ चमन किशोर को बुलाया गया। जिसके सामने पकड़े गए युवक की तलाशी ली तो उसके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां का जखीरा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान अंबाला जिला के साहा निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ लकी के नाम से हुई। आरोपी का करतारपुरा में भी अपना मकान है और यहीं पर रहता था। मौके पर ड्रग कंट्रोलर रितु मेहला को बुलाया गया। जब उन्होंने पकड़ी गई दवाइयां की जांच की तो आरोपी के पास से 20400 ट्रामाडोल कैप्सूल व 500 इंजेक्शन पंजीन के बरामद हुए। जिनके लाने ले जाने पर प्रतिबंध है। न ही आरोपी के पास से कोई कागजात बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया। रिमांड में आरोपी से पूछताछ की जाएगी कि वह कहां से यह दवाइयां लेकर आता था और कहां सप्लाई करता था।
डेढ़ माह पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था आरोपी
डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अंबाला जिले में भी करीब चार मामले एनडीपीएस एक्ट के दर्ज है जो कोर्ट में विचाराधीन है। आरोपी मई माह में पकड़ा गया था और वह 11 अक्टूबर 2023 को जमानत पर जेल से बाहर आया था। आते ही फिर से उसने प्रतिबंधित दवाइयां की तस्करी का काम शुरू कर दिया। अब आरोपी से जो प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की गई है, उनकी कीमत करीब तीन लाख रुपए बताई जा रही है। रिमांड के दौरान आरोपी से और भी खुलासे होंगे और आरोपी के तार उत्तर प्रदेश से जुड़े हैं।