संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रेलवे ट्रैक पर सोमवार देर शाम एक 20 वर्षीय युवक की रेलवे ट्रैक पर मौत के मामले में मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान लक्ष्य यादव निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि लक्ष्य सोमवार सुबह घर से बिना किसी को बताए निकल गया था।
जीआरपी ने बताया कि घटना से पहले लक्ष्य ने अपने छोटे भाई के मोबाइल पर अपनी लोकेशन भेजी थी और उसे वहीं से लेने के लिए कहा था। इसके कुछ समय बाद उसका फोन बंद हो गया। परिजन लोकेशन के आधार पर यमुनानगर पहुंचे, जहां उन्हें घटना की जानकारी मिली। परिवार ने बताया कि लक्ष्य 12वीं पास करने के बाद सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था।
वह पढ़ाई को लेकर तनाव में रहता था, खासकर अंग्रेजी विषय को लेकर वह परेशान था। करीब 15 दिन पहले भी वह घर से बिना बताए चला गया था, जिसे बाद में ढूंढ कर वापस लाया गया था। सूचना मिलते ही जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेजा और मौके से मिले आधार कार्ड के जरिये युवक की पहचान की। जीआरपी मामले की मामले की जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।