जगाधरी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में प्रवेश के लिए दाखिला प्रक्रिया दो जून से शुरू हो रही है। इसके लिए विद्यार्थी 15 जून तक आवेदन कर सकते हैं। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से केवल अभी आवेदन की तिथि जारी की है, जबकि शेष शेड्यूल आना बाकी है।
वहीं, इस बार विभाग की ओर से आवेदन के लिए बहुत ही कम समय दिया गया है। इस बार आवेदन के लिए कुल 14 दिन मिले हैं। इसमें से दो शनिवार व दो रविवार पड़े रहे हैं और चारों दिन अवकाश रहेगा। ऐसे में विद्यार्थियों के पास आवेदन करने के लिए मात्र दस दिन का समय है।
सभी राजकीय संस्थानों में दाखिला समितियों का गठन किया गया है। जिले की सबसे बड़ी, पुरानी व नोडल आईटीआई में सबसे ज्यादा ट्रेड्स करवाई जा रही हैं और इसी संस्थान में सबसे ज्यादा सीटें हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की प्राथमिकता नोडल आईटीआई में दाखिला लेना है। विभाग ने अभी केवल आवेदन की तिथि जारी की है। मेरिट लिस्ट, सीट अलॉटमेंट सहित अन्य शेड्यूल जून के मध्यम में पोर्टल पर जारी किया जाएगा। नोडल आईटीआई के प्राचार्य भूपेंद्र सिंह सांगवान ने बताया कि आईटीआई में प्रवेश के लिए दो जून से आवेदन शुरू हो रहे हैं। विद्यार्थी संस्थान में आकर आवेदन कर सकते हैं। संवाद
भूपिंद्र सिंह सांगवान।