संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। यूथ कराटे एसोसिएशन ऑफ यमुनानगर की ओर से जीएनजी कॉलेज में जिलास्तरीय कराटे चैंपियनशिप आयोजित की गई। एसडी पब्लिक स्कूल जगाधरी के कक्षा छठी के छात्र यशवीर सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन अलग-अलग वर्गों में तीन स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
प्रधानाचार्या उषा शर्मा ने बताया कि यशवीर ने काता, कुमिते और एयर शीट वर्ग में हिस्सा लिया और तीनों में प्रथम स्थान हासिल किया। काता में खिलाड़ियों की पूर्व निर्धारित कराटे तकनीक और मुद्राओं का प्रदर्शन होता है। कुमिते में खिलाड़ियों के बीच मुकाबला कराया जाता है। यशवीर ने तीनों वर्गों में आत्मविश्वास, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ा।
उन्होंने यशवीर की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए बधाई दी। साथ ही कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। नियमित अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से विद्यार्थी खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने यशवीर के अभिभावकों और प्रशिक्षक को भी शुभकामनाएं दीं।
उपप्रधानाचार्या पूजा त्रीखा ने कहा कि यशवीर की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। खेलों में सफलता से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास को मजबूती मिलती है। विद्यालय प्रबंधन समिति ने भी यशवीर को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रबंधन ने यशवीर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।