हरियाणा एंटी क्रप्शन सोसायटी के 16 वर्षों के संघर्ष के बाद यमुनानगर-करनाल सीमा पर गांव गुमथला राव में देश का पहला इंकलाब शहीद स्मारक बनने जा रहा है। शहीद स्मारक को लेकर सरकार ने मंजूरी देते हुए पांच लाख रुपये का बजट जारी किया है। स्मारक के लिए एक एकड़ जमीन पंचायत ने दी है। सोमवार सुबह दस बजे सीपीएस श्यामसिंह राणा शहीद स्मारक की असधारशीला रखेंगे।
सोसाइटी के प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट वरयामसिंह ने बताया कि 16 वर्षों से संस्था शहीदों के स्मारक के लिए लंबा संघर्ष करती आ रही है। इसमें उनका काफी पैसा खर्च हो गया। स्मारक के बारे में बताया गया कि एक एकड़ में बनने वाले शहीद स्मारक में देश के सभी शहीदों की मूर्तियां लगाई जाएंगी। वहीं स्मारक के अंदर सभी शहीदों के जीवन परिचय दिया जाएगा। शहीद स्मारक में शहीदों की जन्मदिवस व शहीदी दिवस हर वर्ष मनाया जाएगा। स्कूली बच्चों को विशेष तौर पर शहीद स्मारक के दर्शन कराकर उन्हें देश के शहीदों के बारे में बताया जाएगा, ताकि बच्चे शहीदों से देशप्रेम की शिक्षा ले सकें। उन्होंने बताया कि बहुत से शहीद ऐसे हैं, जिनके बारे मेें युवा पीढ़ी को पता नहीं है। उन शहीदों की मूर्तियां भी शहीद स्मारक में लगाई जाएंगी, ताकि बच्चे उनसे शिक्षा ले सकें।
शहीद स्मारक बनाने में सरकार करेगी सहयोग
सीपीएस श्यामसिंह राणा ने कहा कि देश के पहले इंकलाब शहीद स्मारक को बनवाने में सरकार पूरा सहयोग करेगी। शहीद हमारे प्रेरणा स्रोत हैं। शहीदों को मान-सम्मान दिलाने के लिए भाजपा सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। स्मारक बनाने में सरकार की ओर से समय-समय पर ग्रांट राशि दी जाएगी। इससे स्मारक में आकर सभी अपने शहीदों को याद कर देश की एकता व अखंडता के लिए समर्पित होने का प्रण ले सकेंगे। हरियाणा एंटी क्रप्शन सोसायटी का प्रयास काबिले तारिफ है। इसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है।