स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा की आंख पर चोट लगने के मामले में शिक्षा विभाग द्वारा जगाधरी की अमर विहार कॉलोनी स्थित शिव शक्ति स्कूल को बंद करने का मौखिक आदेश दिया हैं। साथ ही विभाग के उच्चाधिकारियों को स्कूल को पूर्णतय बंद करने की भी सिफारिश की गई है। वहीं मामले में आरोपी टीचर के खिलाफ पुलिस ने मारपीट का केस दर्ज किया है। बता दें मंगलवार को अमर विहार कॉलोनी स्थित शिव शक्ति स्कूल में पांच वर्षीय छात्रा स्वीटी की टीचर द्वारा पिटाई करने का मामला सामने आया था। परिजनों ने टीचर मधु पर उसकी आंख पर डंडा मारने का आरोप लगाया था। गुस्साए परिजनों ने स्कूल में हंगामा किया था। परिजनों का आरोप था कि स्कूल प्रशासन ने बच्ची का उपचार करवाने की बजाए उसे चुपचाप घर भेज दिया। बच्ची को अस्पताल में दाखिल करवाया। वहीं स्कूल प्रशासन का कहना था कि बच्ची को लंच बॉक्स उठाते हुए बैच लगने से चोट आई थी। मामले में पुलिस ने टीचर रमा के खिलाफ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्जकर लिया है।
बच्ची पीजीआई रेफर
बुधवार देर रात सिविल अस्पताल जगाधरी से छात्रा को ट्रामा सेंटर यमुनानगर रेफर कर दिया गया। बच्ची को कुछ देर उपचार देने के बाद आई सर्जन के पास रेफर किया गया। आई सर्जन ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बुधवार देर रात उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
बंद करने के मौखिक आदेश, पूर्णतय बंद करने की सिफारिश : बीईओ
जगाधरी ब्लॉक के बीईओ सतीश गोयल ने बताया शिव शक्ति स्कूल में हुए मामले के बाद वे उच्चाधिकारी के साथ स्कूल में बयान दर्ज करने गए थे। वहां पर न तो स्कूल की प्रिंसिपल मिली और न ही पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मामले में आरोपी टीचर। जांच में सामने आया कि पहली कक्षा से पांचवीं कक्षा तक चल रहा यह स्कूल मान्यता प्राप्त भी नहीं है। अवैध रूप से स्कूल चलाया जा रहा है। स्कूल प्रशासन छात्रा के उपचार के दौरान हुए खर्चा देने की बात भी कर रहा है। उन्होंने स्कूल को बंद करने के मौखिक आदेश दिए हैं और पूर्णतया बंद करने की सिफारिश उच्चाधिकारियों को कर दी गई है।
शिक्षा विभाग के पत्राचार का देंगे जवाब
स्कूल की प्रिंसिपल रमा का कहना है कि इस मामले में स्कूल प्रबंधन निर्दोष है। छात्रा को लंच बॉक्स उठाते समय बैंच पर सिर लगने से चोट लगी थी। शिक्षा विभाग की और से जो भी पत्राचार होगा उसका माकूल जवाब दिया जाएगा।