प्रदेश में सबसे अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करने वाले अंबाला लोकसभा सीट के प्रत्याशी रतनलाल कटारिया के पक्ष में यमुनानगर में जबरदस्त मतदान हुआ है। उन्हें मिल कुल वोटों में से करीब 37 प्रतिशत वोट यमुनानगर जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों से मिले हैं।
उनके खाते में आए कुल वोटों में से अंबाला जिले से करीब 42 प्रतिशत मत हासिल हुए हैं। अंबाला लोस सीट के अंतर्गत आने वाले नौ विधानसभा हलकों में सबसे अधिक यमुनानगर क्षेत्र से उनके पक्ष में मतदान हुआ है।
चुनाव नतीजाें के अनुसार भाजपा प्रत्याशी रतनलाल कटारिया को कुल छह लाख 12 हजार 121 मत मिले हैं। अंबाला लोकसभा सीट के अंतर्गत यमुनानगर जिले के यमुनानगर, साढौरा और जगाधरी विधानसभा क्षेत्र आते हैं। कटारिया को यमुनानगर से कुल 82355 वोट पड़े जो कि पूरे अंबाला लोस सीट पर किसी विधानसभा क्षेत्र में उन्हें मिले वोटों में सबसे अधिक हैं।
भाजपा प्रत्याशी को सबसे अधिक वोटों के मामले में दूसरे नंबर पर जगाधरी विधानसभा क्षेत्र रहा, जहां से उन्हें कुल 76674 मत पड़े। भाजपा प्रत्याशी को साढौरा से कुल 65771 मत मिले।
गौरतलब है कि अंबाला सिटी से कटारिया को 74416 और पंचकूला से 71750 वोट मिले हैं। बता देें कि यमुनानगर और जगाधरी विधानसभा सीट पर विपक्षी दलों का कब्जा है। यमुनानगर से जहां इनेलो के विधायक दिलबाग सिंह है वहीं जगाधरी विधानसभा सीट पर अकरम खान विधायक हैं। लोस चुनाव में इन दोनों सीटों पर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष मेें हुए भारी मतदान से भाजपाई गदगद हैं। चार माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए यह संजीवनी के समान है।