राजकीय आदर्श संस्कृति स्कूल में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि जिला परिषद् चेयरपर्सन रेनू बाला ने शिरकत की। समारोह का शुभारंभ कर स्कूल के विकास के लिए पांच लाख रुपये की राशि स्कूल को भेंट की।
मुख्य अतिथि ने उपस्थित विद्यार्थियों व स्टाफ से कहा बच्चों द्वारा किए कार्यों के लिए समय-समय पर समाज के सामने उन्हें पुरस्कृत किया जाए तो उनमें भविष्य में और नया करने की ऊर्जा, सफूर्ति पैदा होती है। बच्चे पहले से अधिक लगन, परिश्रम व ईमानदारी से शिक्षा, खेल, सामाजिक सहित अन्य क्षेत्रों में बुलंदियों को छूते हुए दूसरों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बनकर पथ प्रदर्शन बनते हैं। इसी तरह से समाज में उन्नति व विकास का पहिया घूमता है। उन्होंने बच्चों को अच्छे नागरिक बनकर देख व समाज की उन्नति के लिए आह्वान किया। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल, एनएसएस, स्काउटिंग व शिक्षा विभाग द्वारा समय समय पर कराई जाने वाली प्रतियोगिताओं में स्थान वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इंजीनियर ऋषिपाल ने कहा शिक्षा ही एक ऐसा माध्यम है, जिसके द्वारा आप अपनी बात को सही ढंग से दूसरों के सामने पेश कर सकते हैं।
शिक्षा के माध्यम से समाज की दशा और दिशा में बदलाव लाया जा सकता है। प्रधानाचार्या सुमन बहमनी ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। मौके पर स्काउट मास्टर पवन शर्मा, घनश्यामदास, राजीव ग्रोवर, चंद्रमोहन कटारिया, राजेश गागट, अंजू बाला, संजय कुमार, मनोज शर्मा, नवीन कुमार सहित सभी अध्यापक मौजूद रहे।