भारतीय सेना में अहीर रेजिमेंट बनाए जाने की मांग को लेकर यादव समाज के लोगों ने बुधवार को लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया। इससे पूर्व उन्होंने नेशनल हाईवे 73 पर जगाधरी अनाजमंडी से लेकर लघु सचिवालय तक रोष मार्च निकाला। प्रदर्शन के बाद डीसी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
यादव सभा यमुनानगर-जगाधरी और हरियाणा युवा यादव महासभा के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ता बुधवार सुबह जगाधरी अनाजमंडी में एकत्रित हुए। यादव समाज के संरक्षक सेवानिवृत्त आईपीएस राव सोहन लाल के नेतृत्व में समाज के सभी लोग हाथों में बैनर लेकर जुलूस के रूप में निकले। नारेबाजी करते हुए सभी नेशनल हाईवे से होते हुए लघु सचिवालय में पहुुंचें और नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने संरक्षक राव सोहन लाल और यमुनानगर यादव सभा के संयोजक राव जय प्रकाश की अध्यक्षता में नायब तहसीलदार को डीसी के नाम ज्ञापन सौंपा।
अहीरों का इतिहास गौरवशाली
राव जय प्रकाश ने कहा कि अहीरों का सदा से रणकौशल एवं शहादतों का गौरवशाली इतिहास रहा है। प्रथम विश्व युद्ध से लेकर कारगिल युद्ध तक हर लड़ाई में वीर अहीरों ने अपनी शहादत व बहादुरी की मिसालें पेश की है और सैकड़ों मैडलों से सम्मान पाया है। 1947 में पाकिस्तान का कश्मीर पर हमला हो या 1962 भारत चीन की रेजांगला लड़ाई या संसद हमला। इनमें अहीरों ने हमेशा बहादुरी एवं कुर्बानी का बहुत बड़ा इतिहास रचा है। कारगिल के युद्ध में जहां पूरे भारत के 499 सैनिक शहीद हुए। इनमें 90 शहीद अकेले अहीर थे। ऐसे में सेना में अहीर रेजिमेंट न होना शर्म की बात है।
ये रहे मौजूद
प्रदेश महासचिव पृथ्वीराज यादव, यादव सभा के प्रधान विजय सिंह यादव, भारतीय मजदूर संघ के जिला प्रधान रामतीर्थ यादव, युवा यादव महासभा के प्रधान प्रीतम यादव, महासचिव अशोक यादव, मेजर राव जगमाल सिंह यादव, हरि राम यादव, देविंद्र यादव, नितिन यादव, मयंक यादव, राज राम यादव, नगर नारायण यादव, केबी यादव, काली प्रसाद यादव, सूरज यादव, दलीप यादव, विजय पाल, परमेश्वर यादव, राजीत राम बहादुर, विजय, जग्गी यादव आदि मौजूद रहे।