एमबीए की परीक्षा में हुआ फर्जीवाड़ा
- फोटो : demo pic
जगाधरी स्थित गौरी शंकर मंदिर के नजदीक प्लाट दिलाने के नाम पर चार लोगों ने कैथल के पुंडरी निवासी रामबीर से 30 लाख रुपये हड़प लिए। दो आरोपी पटियाला और दो आरोपी अंबाला के रहने वाले हैं। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर चारों आरोपी लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कैथल जिले के गांव पुंडरी निवासी रामबीर सिंह ने शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते वर्ष उसे जगाधरी में प्लाट खरीदना था। इस दौरान उसकी मुलाकात पटियाला के गांव कमालपुर निवासी निशान, अंबाला जिले के गांव चौहड़ मस्तपुर निवासी ओमकार, पटियाला के सरालाकलां निवासी बलजीत सिंह व अंबाला के गांव कलावड़ निवासी नरमेल सिंह के साथ हुई। आरोपियों ने उसे बताया कि वह प्लाट खरीदने व बेचने का कार्य करते हैं।
वह उसे जगाधरी में प्लाट दिलवा देंगे। आरोपियों ने उसे शहर के गौरी शंकर मंदिर के नजदीक एक प्लाट दिखाया। प्लाट उसकी पसंद आ गया। इस दौरान आरोपियों ने 30 लाख रुपये में प्लाट की रजिस्ट्री करवा दी। रजिस्ट्री होने के बाद जब वह प्लाट देखने के लिए गया तो वहां पर किसी अन्य व्यक्ति ने कब्जा कर रखा था। जब उसने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया।
परेशान होकर उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। जांच अधिकारी एएसआई गुरमेज का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।