सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की मासिक बैठक में सड़कों पर दौड़ने वाले ओवरलोडिड वाहनों के प्रति गहरी चिंता जताई गई। उन्होंने माना ओवरलोडिड ट्रक एवं तीव्र गति से चलने वाले ट्रकों के कारण सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
उपायुक्त रोहताश सिंह खर्ब ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हर हाल में ओवरलोडिड वाहनों पर शिकंजा कसा जाए। निर्देश दिए कि लकड़ी की ओवरलोडिड ट्रालियों को इम्पाऊंड करना शुरू करें। जिले में बढ़ रही दुर्घटनाओं के लिए उपायुक्त ने सड़कों के किनारे अवैध अतिक्रमण को अहम वजह करार दिया और अधिकारियों को अतिक्रमण कारियों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए।
स्कूल बसों के नियमानुसार रख-रखाव न होने का मुद्दा भी उठाया गया। उपायुक्त ने माना कि हरियाणा प्रदेश मेें हर प्रकार के ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की सुविधा हर जिले में उपलब्ध है, फिर भी बहुत से चालकों के पास बोगस ड्राइविंग लाइसेंस पाए जाते है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस बोगस पाए जाते हैं या वाहन के पूरे कागजात नही पाए जाते उनके खिलाफ भी नियमों के अनुसार कार्यवाही करना शुरू करें। सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के तहत समय-समय पर स्कूल कालेजों की बसों को नियमित रूप से चेक करना जरूरी है। उपायुक्त ने आरटीए सचिव को निर्देश दिए समय-समय पर ट्रकों में लगे स्पीड गवर्नर की जांच करें। जिन ट्रकों में स्पीड गवर्नर नहीं लगे हैं या वे ठीक हालत में नही हैं, ऐसे ट्रक मालिकों व चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करें।
स्पीड ब्रेकर लगाने के दिए निर्देश
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग (भवन एवं मार्ग) के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए आबादी के बीच से गुजरने वाली सड़कों व चौकों के पास स्पीड ब्रेकर लगाने का कार्य शीघ्रता से पूरा करें। सड़कों पर जगह-जगह स्पीड लिमिट के नोटिस बोर्ड भी लगाए जाने जरूरी है। उन्होंने सिविल अस्पताल के अंदर की सड़कों की मरम्मत करवाने को भी कहा। उन्होंने यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि सिविल अस्पताल यमुनानगर के गेट के सामने किसी भी हालत में गलत तरीके से आटो रिक्शा खड़ी न होने पाए। उन्होंने यातायात पुलिस विभाग से कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए क्या कार्यवाही अमल में लाई जा सकती है। इसके अतिरिक्त उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ शालीन, पुलिस अधीक्षक राजेश कालिया, जगाधरी, बिलासपुर व रादौर के उपमंडलाधीश भारत भूषण कौशिक, नवीन आहुजा व पूजा भारती, नगर निगम के आयुक्त गिरीश अरोड़ा, सचिव आरटीए देवेंद्र कौशिक, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी गगनदीप सिंह, डीएसपी आदर्शदीप सिंह, मुख्यमंत्री के सुशासन सहयोगी कर्ण अलावादी सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।