पीजीआई चंडीगढ़ में 15 दिनों से पीलिया का उपचार करवा रहे गांव बरहेडी निवासी जयकुमार कांबोज (40) का निधन हो गया। मृतक के दो बच्चे हैं। बीते दो महीनों में गांव के तीन लोगों की पीलिया की बीमारी से मौत हो चुकी है और कई लोग इस बीमारी से ग्रस्त बताए जा रहे हैं। गांव में पीलिया की बीमारी फैलने से लोगों में दहशत है।
गांव बरहेडी के सरपंच वासूदेव राणा, नीटू नंबरदार, नरेश, कर्ण, राजेंद्र, वेदपाल, संजीव, शराफत अली, लीलू, शमीम ने बताया कि गंाव में दो महीनों से कई लोग पीलिया की बीमारी से ग्रस्त हैं, जिनका इलाज चल रहा है। अब तक गांव के अलीशेर, बीरसिंह कांबोज और जय कुमार कांबोज की पीलिया की बीमारी से मौत हो चुकी है। पंचायत द्वारा कुछ समय पहले गांव में पीलिया की बीमारी का प्रकोप होने की शिकायत स्वास्थ्य विभाग से की गई थी। जिसके बाद विभाग की टीम ने गांव में पीने के पानी की नमूने लिए थे और गांव में दवाइयां वितरित की थी।
ग्रामीणों की मांग है कि स्वास्थ्य विभाग गांव में शिविर लगाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर और पीलिया से बचाव के लिए दवाइयां दें। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज और डीसी से मांग की है कि गांव में पीलिया की बीमारी की रोकथाम को लेकर कड़े कदम उठाए जाए।