जिले से गुजर रहे स्टेट और नेशनल हाईवे से वर्म गायब है, जो सड़क हादसों की बड़ी वजह बन रही है। जिला रोड सेफ्टी कमेटी की बैठकों में कई बार यह मुद्दा उठाने के बावजूद प्रशासन कोई सबक लेता नहीं दिख रहा है। शनिवार शाम करीब चार बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। इसमें पति की हाईवे किनारे कच्चे रास्ते पर कूदकर किसी तरह जान बच गई, जबकि ट्रक की चपेट में आकर नवविवाहिता की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ट्रक चालक की लापरवाही के साथ हाईवे पर वर्म का न होना भी वजह मानी जा रही है। चूंकि घटनास्थल पर हाईवे किनारे वर्म नहीं थी। जिससे बाइक सवार दंपति पीछे से तेज रफ्तार आते ट्रक की चपेट में आ गये।
जम्मू कॉलोनी निवासी प्रिंस शनिवार शाम चार बजे अपनी पत्नी 25 वर्षीय टीनू के साथ बाइक पर जगाधरी दवा लेने जा रहे थे। जब वह एनएच-73 (चंडीगढ़-रुड़की) पर पंचायत भवन के समीप पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आते ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर प्रिंस ने हाईवे किनारे कच्चे रास्ते पर कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन वह टक्कर के बाद गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि उसकी पत्नी टीनू हाईवे किनारे ही गिर गई और ट्रक के टायर से कुचले जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने गंभीर रूप से घायल प्रिंस को अस्पताल पहुंचाया और हादसे बारे पुलिस को सूचना दी।
छह माह पहले ही हुई थी शादी
हादसे का शिकार दंपति की छह माह पहले ही शादी हुई थी। दोनों शनिवार शाम घर से जगाधरी दवा लेने जा रहे थे कि करीब चार बजे एनएच-73 (चंडीगढ़-रुड़की) पर पंचायत भवन समीप ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। राहगीरों से सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने नवविवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया वहीं, पति प्रिंस की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक व ट्रक को कब्जे में लेकर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
वर्म न होने से बाइक सवार हो जाते हैं अनियंत्रित
बता दें कि जिले से एनएच-73 (चंडीगढ़-रुढ़की), 73ए (जगाधरी-पावंटा) व स्टेट हाइवे (कुरुक्षेत्र-सहारनपुर) से निकलते हैं। तीनों पर करीब 62 एक्सिडेंटल प्वाइंट हैं। गड्ढों के अलावा हाइवे के रास्तों व (तीर्व) मोड़ों पर वर्म न होने से लगातार हादसे हो रहे हैं। मार्ग और उसके साथ लगते कच्चे रास्ते के बीच लेवल में काफी अंतर है। जबकि यह दोनों एक निर्धारित लेवल पर होने चाहिए, विभागीय अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। चालक वाहन (विशेषकर दोपहिया) को मार्ग से नीचे उतरते समय स्किट व अनियंत्रित होने से गिरकर चोटिल या पीछे से आ रहे वाहन की चपेट में आ जाते हैं।
शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है वहीं, क्षतिग्रस्त बाइक व ट्रक को कब्जे में लेकर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
रामपाल, जांच अधिकारी, रामपुरा चौकी।
समय-समय पर हाइवे किनारे वर्म का काम कराया जाता है। अगर कहीं वर्म नहीं है तो चेक कराएंगे। जल्द ही यह दिक्कत दूर करवा दी जाएगी।
ओपी माथूर, प्रोजेक्ट ऑफिसर, एनएचएआई।
टक्कर से बचने के लिए ट्रक ने तोड़ा डिवाइडर दूसरा हेल्थ क्लीनिक में जा घुसा
यमुनानगर। स्टेट हाईवे (कुरुक्षेत्र-सहारनपुर) पर कैंप के मुख्य बाजार समीप स्थित शुक्रवार देर रात दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर होने से बच गई। एक ट्रक डिवाइडर को तोड़ दिया जबकि दूसरा हाईवे किनारे बच्चों के हेल्थ क्लीनिक में जा घुसा। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी।
रादौर से यमुनानगर की ओर से ट्रक आ रहा था, जबकि यमुनानगर से बजरी से भरा ट्रक रादौर की ओर जा रहा था। दोनों तेज रफ्तार ट्रक कैंप के मुख्य बाजार के समीप आमने-सामने आ गए। टक्कर होने से बचाने के चक्कर में रादौर की ओर से आते चालक ने ट्रक को बीच डिवाइडर पर चढ़ा दिया। जबकि यमुनानगर से बजरी से भरे ट्रक को चालक ने स्टेयरिंग घुमाकर हाईवे किनारे ले जाना चाहा, लेकिन इस बीच वह नियंत्रण खो बैठा। ट्रक सीधे हाईवे किनारे स्थित लांबा क्लीनिंक में जा घुसा और दुकान के शटर व अन्य सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत रही यह हादसा शनिवार देर रात में हुआ, अगर यह हादसा दिन के वक्त होता तो जानमाल का काफी क्षति हो सकती थी। फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।