संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित की जा रही पांच दिवसीय हरियाणा स्टेट जोनल फुटबॉल लीग रोमांचक मुकाबलों के साथ निर्णायक चरण में पहुंच गई है। लीग के मुकाबलों के बाद डीएफए यमुनानगर, डीएफए हिसार, डीएफए करनाल और डीएफए अंबाला ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
अब पहला सेमीफाइनल मुकाबला डीएफए यमुनानगर और डीएफए करनाल के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल डीएफए हिसार और डीएफए अंबाला के बीच होगा। तीसरे दिन खेले गए मुकाबलों में डीएफए कुरुक्षेत्र और डीएफए पंचकूला के बीच मैच हुआ, जिसमें पंचकूला ने 3-0 से जीत दर्ज की। दूसरा मुकाबला डीएफए हिसार और डीएफए यमुनानगर के बीच खेला गया, जिसमें हिसार ने एक गोल से जीत हासिल की।
तीसरा मैच डीएफए कैथल और आरएफए यमुनानगर के बीच खेला गया, जो 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इस मैच में आरएफए यमुनानगर ने पहले हाफ में बढ़त बनाई, जबकि दूसरे हाफ में कैथल को मिली पेनल्टी से स्कोर बराबर हुआ। चौथा मुकाबला डीएफए अंबाला और डीएफए करनाल के बीच खेला गया, जिसमें करनाल ने दो गोल से जीत दर्ज की।
लीग के पहले सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मेयर एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौहान पहुंचे। उन्होंने जिला फुटबॉल संघ को इस भव्य आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वच्छता अपनाने का आह्वान किया।
दूसरे सत्र में भाजपा युवा इकाई के जिला अध्यक्ष निश्चल चौधरी मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रखते हैं। इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष भारत भूषण जुयाल, महासचिव नरेंद्र चुघ, आयोजन समिति अध्यक्ष राजेश भारद्वाज, कोषाध्यक्ष आशीष शर्मा सहित पदाधिकारी, कोच, रेफरी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।