हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा रविवार को आयोजित ट्यूबवेल आपरेटर ग्रेड-2 की लिखित परीक्षा में करीब छह हजार परीक्षार्थियों ने भाग्य आजमाया। ट्विनसिटी में आयोजित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 10192 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी। जिनमें से केवल 60 प्रतिशत परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गये थे। प्रवेश द्वार पर गहन चेकिंग के दौरान परीक्षार्थियों के रुमाल, पर्स, बेल्ट व अन्य सामान तक बाहर रखवा लिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार नकल का कोई केस सामने नहीं आया।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा रविवार को आयोजित ट्यूबवेल आपरेटर ग्रेड-2 की लिखित परीक्षा के लिए ट्विनसिटी में बनाए परीक्षा केंद्रों पर सुबह साढ़े दस बजे परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा शुरू होने से पहले ही काफी संख्या में परीक्षार्थियों की भीड़ परीक्षा केंद्रों के बाहर जुटनी शुरू हो गई। हालांकि परीक्षा के दौरान केंद्रों के बाहर धारा 144 लागू की गई थी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। बिना जांच किए किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र के अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। जांच के दौरान परीक्षार्थियों के रुमाल, पर्स, बेल्ट आदि सामान बाहर की निकलवा लिया गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद चिलचिलाती धूप और गर्मी से परीक्षार्थी परेशान हुए। किसी तरह बस स्टैंड पहुंचे। बस स्टैंड पर भीड़ के चलते परीक्षार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
परीक्षा केंद्र तलाशने में बीत गया एक घंटा
परीक्षा देने आए राहुल, विनोद, अशोक, प्रमोद, विकास और मोहित ने बताया कि वह परीक्षा देने के लिए बस से यमुनानगर आए थे। साढ़े दस बजे परीक्षा थी, लेकिन वे नौ बजे ही पहुंच गए। लेकिन परीक्षा केंद्र तलाशने में उनका एक घंटा बर्बाद हो गया। परीक्षा केंद्रों को तलाशने के लिए उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन की तरफ से बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन आदि पर कहीं भी परीक्षा केंद्रों के संबंध में जानकारी नहीं दी गई थी।
बस स्टैंड व बसों में रही भीड़
परीक्षा समाप्त होने के बाद बस स्टैंड पर परीक्षार्थी की भीड़ लग गई। एक साथ हजारों की संख्या में परीक्षार्थी बस स्टैंड पर पहुंच गए। जिसके बाद हर रूट पर जाने वाली बसों में भीड़ रही। सबसे अधिक भीड़ कुरुक्षेत्र, करनाल व अंबाला रूट पर जाने वाली बसों में रही।
60 प्रतिशत ने दी परीक्षा : एसडीएम
एचएसएससी की तरफ से आयोजित ट्यूबवेल आपरेटर की परीक्षा शांतिपूर्ण हुई। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए थे। नकल का कोई केस नहीं पकड़ा गया। रोल नंबर के अलावा परीक्षा केंद्र में कोई अन्य सामान ले जाने की अनुमति नहीं थी। गहन चेकिंग के बाद ही परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में जाने दिया गया।
- बीबी कौशिक, एसडीएम, जगाधरी।