मानव संसाधन मंत्रालय के निर्देशानुसार ‘आजादी के 70 साल-याद करो कुर्बानी’ कार्यक्रम के तहत डीएवी गर्ल्स कॉलेज में मंगलवार को सुबह 11 बजे राष्ट्रगान का आयोजन किया गया। इसमें कॉलेज की 5500 छात्राओं ने हिस्सा लेकर शहीदों को नमन किया। इसकी अध्यक्षता प्रिंसिपल डॉ. सुषमा आर्य ने की।
डॉ. आर्य ने कहा कि शहीदों का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। देश को आजाद कराने में शहीदों ने जो कुर्बानी दी, उसे सदियों तक भुलाया नहीं जा सकता है। आजादी के मतवाले हंसते-हंसते फांसी के फंदे पर झूल कर सदा के लिए अमर हो गए। आजादी की लड़ाई के दौरान युवाओं में देशभक्ति का जज्बा कूट-कूटकर भरा था। महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल, सुभाषचंद्र बोस, बाल गंगाधर तिलक आदि देशभक्तों के एक आह्वान पर देशभक्त युवा जान की बाजी लगा देते थे। युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम मील का पत्थर साबित हो सकते हैं।
उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वह शहीदों द्वारा दिखाए मार्ग पर चलकर अपने जीवन को सफल बनाएं। कॉलेज परिसर में एकत्रित हुई 5500 छात्राओं ने सुबह 11 बजे राष्ट्रगान गाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वुमन स्टडी सेंटर की डायरेक्टर डॉ. विश्व मोहिनी ने कहा कि आजादी के बाद सरकार द्वारा लागू की गई पंचवर्षीय योजनाओं ने देश को तरक्की प्रदान की। उसी का परिणाम है कि आज देश विकसित देशों की श्रेणी में शामिल होने जा रहा है। आज विश्व के अन्य देश, भारत को बहुत बड़े बाजार के रूप में देख रहे हैं। इसका ही परिणाम है कि प्रत्येक देश भारत में निवेश करने को आतुर है।