एंटी व्हीकल थेप्ट सैल ने ऐसे अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ा है। जो शहर से बाइक चोरी कर शराब तस्करों को बेचते थे और शराब तस्कर चोरी की बाइकों पर हरियाणा से यूपी में शराब की तस्करी करते थे। आरोपियों ने बाइक चोरी की 15 वारदातें कबूली है। जिनमें से पुलिस आठ बाइक बरामद कर चुकी है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य बाइक बरामद की जाएगी व अन्य वारदातों का खुलासा किया जाएगा।
एंटी व्हीकल थेप्ट सैल के इंचार्ज रमेश राणा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक बाइक चोर चोरी की बाइक को बेचने कलानौर बैरियर से होता हुआ उत्तर प्रदेश जाएगा। सूचना मिलते ही एएसआई सुखविंद्र के नेतृत्व में एएसआई जसबीर, अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल कुलदीप, अनिल, कमल जीत की टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तुरंत कलानौर बैरियर पर नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद बाइक पर युवक आता दिखाई दिया। टीम ने उसे रोका तो आरोपी भागने का प्रयास किया, टीम ने पीछा कर कुछ दूरी पर आरोपी को काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान मंडौली निवासी साहिल उर्फ शैली के रूप में हुई। जिस बाइक पर आरोपी पकड़ा गया वह बाइक उसने तीन मई को मंडौली लक्कड मंडी से चोरी की थी। जिस बारे में मामला थाना सदर यमुनानगर में दर्ज है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अकेला बाइक चोरी करता था और उसे सहारनपुर के गांव दबकौर निवासी धर्मपाल को बेचता था। धर्मपाल चोरी की बाइकों पर हरियाणा से यूपी में शराब की तस्करी करता था। आरोपी शैली की निशानदेही पर पुलिस ने उतर प्रदेश के सहारनपुर के गांव दबकौर से आरोपी कर्मपाल को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बाइक चोरी की 15 वारदातें कबूली, इनमें से पुलिस ने आठ बाइक बरामद कर ली है। बुधवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य बाइक की बरामदी व अन्य वारदातों को खुलासा किया जाएगा।
यहां यहां से चोरी की बाइक
इंचार्ज रमेश राणा ने बताया कि आरोपी साहिल उर्फ शैली ने पूछताछ में बताया कि उसने करीब 15 बाइकें यमुनानगर के विभिन्न स्थानों से चोरी की है। जिसमें से आठ बाइकें बरामद कर ली गई है। आरोपी पिछले तीन साल से बाइक चोरी कर रहा था। पुलिस को इस आरोपी की लंबे समय से तलाश थी। आरोपी ने 17 फरवरी 2015 को यमुनानगर शहर के एक बैंक में बाहर से, बीती सात मार्च को पुराना हमीदा से, 13 मार्च को थाना शहर यमुनानगर क्षेत्र से, 28 अप्रैल को खिजराबाद से, 20 अप्रैल को थाना शहर क्षेत्र से बाइक चोरी की। इस तरह आरोपी ने आठ बाइक चोरी की वारदातें कबूली।
लॉक तोड़कर लाइट के नीचे का प्लग खोल करता था बाइक स्टार्ट
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने अधिकतर स्प्लेंडर बाइक ही चोरी की है। क्योंकि इन बाइकों को झटका देकर आराम से लाक तोड़ दिया जाता था और लाइट के नीचे से प्लग खोल कर स्टार्ट कर लेता था। आरोपी ने चोरी की सभी बाइक कई स्थानों पर खड़ी की हुई थी, जहां से उन्हें बरामद कर लिया गया है।
चोरी की बाइक के बदले लेता था पैसे व शराब
सैल इंचार्ज रमेश राणा ने बताया कि आरोपी शैली नशे का आदी है और नशे के कारण ही दोनों की दोस्ती हुई थी। उसके बाद आपस में डील हुई कि वह बाइकें चोरी कर उसे बेच दे, इसके बदले पैसे व शराब और नशीले पदार्थ उसे देगा। तब से ही वह उसे बाइक चोरी करके देता था।
जेल से बाहर आकर फिर शुरू कर चोरी
दोनों आरोपियों पर पहले भी कई मामले दर्ज है। आरोपी शैली वर्ष 2008 में बाइक चोरी के आरोप में यमुनानगर पुलिस के हत्थे चढ़ गया था। उस समय भी इसके पास से कई बाइक बरामद हुई थी। आरोपी इसी मामले में पहले जेल काट चुका है और बाहर आते ही उसने बाइक चोरी करने का काम फिर से शुरू कर दिया। वही आरोपी कर्मपाल शराब तस्करी में उत्तर प्रदेश में काफी सक्रिय रहा है। जिसके खिलाफ कई मामले दर्ज है। इसे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर जेल भेज दिया गया है।
रिमांड में हो सकते है कई खुलासे
सैल इंचार्ज रमेश राणा का कहना है कि दोनों आरोपी अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्य है। रिमांड के दौरान कुछ साथियों के नाम बताए गए है। जिन्हें गिरफ्तार करने के लिए टीमें बना दी गई है। आरोपियों ने उत्तर प्रदेश से भी बाइक चोरी की हुई है। आरोपियों को रिमांड पर लिया गया है। रिमांड में अन्य वारदातों को खुलासा होगा।