बैंक कर्मी बनकर अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर दो लोगों से एटीएम संबंधित जानकारी हासिल की उनके बैंक खातों से 83 हजार 990 रुपये निकलवा लिए। आरोपी व्यक्ति ने दोनों लोगों से एक ही तरीके से धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित व्यक्तियों को इसका पता फोन पर संदेश आने के बाद पता चला। पीड़ित लोगों ने इस संबंध में बैंक अधिकारियों से बातचीत की और शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें इससे पर्व भी जिले में बैंक कर्मी बनकर अज्ञात व्यक्ति खाताधारकों से फोन पर एटीएम संबंधित जानकारी हासिल कर उन्हें लाखों की चपत लगा चुके है। खातों से पैसे निकालने की साइबर क्राइम की ये घटनाएं बैंक व पुलिस अधिकारियों के लिए सिर दर्द बनी हुई है।
केस वन
प्रोफेसर कालोनी निवासी रुध्र खुराना ने थाना शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया उसका मॉडल टाउन कॉलोनी स्थित एक बैंक में खाता है। 29 मार्च को सुबह 11 बजे उसके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। आरोपी व्यक्ति ने कहा वह बैंक से बोल रहा है। उनका खाता अपडेट किया जा रहा है। इसलिए उन्हें एटीएम व आधार कार्ड से संबंधित जानकारी चाहिए। उसने सोचा की व्यक्ति सच बोल रहा है। आरोपी व्यक्ति ने उससे एटीएम कार्ड पर लिखे नंबर, एक्सपायरी डेट व अन्य जानकारी मांगी। वहीं आधार कार्ड पर लिखा नंबर व पूरा पता व अन्य जानकारी मांगी। उसने आरोपी व्यक्ति को अपने एटीएम व आधार कार्ड से संबंधित सारी जानकारी उपलब्ध करवा दी। कुछ समय बाद उसके मोबाइल पर मैसेज आया। जिसमें उसके खाते से 43995 रुपये निकाले जाने की जानकारी थी। मैसेज देखते ही उसके होश उड़ गए। वह तुरंत बैंक पहुंचा और बैंक अधिकारियों से बातचीत की। बैंक अधिकारियों ने उसे बताया बैंक की तरफ से किसी भी खाताधारक को फोन नहीं किया गया। ना ही कभी बैंक द्वारा खाताधारक के एटीएम की जानकारी मांगी जाती है। बैंक अधिकारियों ने उसे बताया उसके खाते से एटीएम के माध्यम से पैसे निकाले गए हैं। परेशान होकर उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शनिवार देर शाम मामले की जांच के बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
केस टू
गांव कुलचंदू निवासी विकास कुमार के साथ ही बिल्कुल ऐसी ही घटना घटित हुई। विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कुछ दिनों पहले उसके फोन पर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने उससे कहा वह बैंक से बोल रहा है। बैंक की मुख्य शाखा से खाते अपडेट किए जा रहे है। इसलिए उन्हें एटीएम व आधार कार्ड से संबंधित जानकारी चाहिए। वह आरोपी व्यक्ति की बातों में आ गया। इस दौरान उसने आरोपी व्यक्ति को एटीएम व आधार कार्ड पर लिखा नंबर व अन्य जानकारी उपलब्ध करवा दी। इसके बाद आरोपी व्यक्ति ने उसके खाते से 39 हजार 995 रुपये निकलवा लिए। इसका पता उसे उसके फोन पर आए मैसेज से चला। उसने बैंक जाकर खाते की जांच कराई और बैंक अधिकारियों से बातचीत की। बैंक अधिकारियों ने उसे बताया बैंक के किसी कर्मचारी ने उन्हें फोन नहीं किया। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
बैंक की तरफ से नहीं ली जाती एटीएम की जानकारी
बैंक अधिकारियों की माने तो बैंक की तरफ से किसी भी खाताधारक को फोन कर एटीएम का पासवर्ड, एटीएम पर लिखा नंबर व अन्य जानकारी नहीं मांगी जाती। कई बार आधार कार्ड लिंक करने के लिए आधार कार्ड संबंधित जानकारी चाहिए हो तो खाताधारक को बैंक बुलाया जाता है। बैंक की तरफ से खाताधारकों को एटीएम पिन व एटीएम नंबर किसी को शेयर न करने के संबंध में बार बार जागरूक किया जाता है। लेकिन फिर भी खाताधारक एटीएम पिन लोगों को बता देते है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटनाएं
जिले में फोन पर एटीएम संबंधित जानकारी लेकर व एटीएम कार्ड बदलकर पैसे निकालने की कई घटनाएं हो चुकी है। बीती 17 अप्रैल को साढौरा के गांव कल्याणपुर अंटारी निवासी नूर हसन से फोन पर एटीएम संबंधित जानकारी हासिल कर अज्ञात व्यक्ति ने खाते से दो लाख 40 हजार रुपये निकाले थे। इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी है।
प्रोफेसर कॉलोनी के रुध्र खुराना की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।
अजीत कुमार, प्रभारी, थाना शहर यमुनानगर।