हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा 14 और 15 नवंबर को आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिले में 49 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के मद्देनजर डीसी ने मंगलवार को जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, परीक्षा केंद्र अधीक्षकों, सुपरवाइजरों और परीक्षा से जुड़े अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की।
डीसी ने बताया कि इस परीक्षा को नकल रहित और शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक, जगाधरी के एसडीएम एवं नगराधीश स्तर के उच्चाधिकारी समय समय पर परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण भी करेंगे।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र में अस्थाई तौर पर टेलीफोन की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों के पास जैमर की व्यवस्था भी की गई है ताकि वहां पर मोबाइल फोन का प्रयोग न हो सके। परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को हरियाणा शिक्षा बार्ड की ओर से पहचान पत्र दिए जाएंगे। जिसके पास पहचान पत्र नहीं होगा, वह परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं कर सकेगा। परीक्षा केन्द्रों में वीडियोग्राफी भी होगी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले तक ही विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश होना होगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति भी की गई है। डॉ. फूलिया ने बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों की परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों में बिजली की आपूर्ति निरंतर होनी सुनिश्चित करें।
परीक्षा केंद्र की होगी पुख्ता सुरक्षा
बैठक में उपस्थित डीएसपी जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि परीक्षाओं के दौरान व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि 14 नवंबर को शाम 3 बजे से साढे़ पांच बजे तक नौंवी से बारहवीं की तृतीय स्तर की परीक्षा होगी। इसी प्रकार 15 नवंबर को सुबह साढे़ बजे से दोपहर एक बजे तक प्रथम स्तर की पहली से पांचवीं स्तर की परीक्षा होगी जबकि इसी दिन शाम 3 बजे से साढ़े पांच बजे तक छठी से आठवीं तक द्वितीय स्तर की परीक्षा होगी। बैठक में नगराधीश पूजा चावरिया, एसडीएम जगाधरी प्रेम चंद, जिला सूचना एवं लोक संपर्क अधिकारी अवतार सिंह, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जुड़े अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।