यमुनानगर/जठलाना। यमुनानदी के गुमथला घाट पर शनिवार दोपहर को जेएमआईटी इंजीनियरिंग कॉलेज रादौर के तीन छात्र डूब गए। दो छात्रों को गांव गुमथला के राजेश कुमार व विनोद कुमार ने बचा लिया, जबकि एक छात्र पानी में बह गया। जिसकी पहचान कॉलेज के आईटी फाइनल इयर के छात्र कैथल सेक्टर 19 निवासी अनुराग जागलान के तौर पर हुई। इसकी खबर लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण गुमथला घाट पहुंच गए। ग्रामीणों ने पहले अपने स्तर पर पानी में डूबे छात्र की तलाश की।
बाद में प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार रादौर कृष्णकुमार ढुल व अन्य अधिकारी गोताखोर अमर सिंह पहलवान, रामकेश व सुरेंद्र के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने नाव से गुमथला घाट पर लापता छात्र अनुराग जागलान की तलाश की। लेकिन देर शाम तक भी यमुना में डूबे छात्र का कोई सुराग नहीं लग पाया था। थाना जठलाना प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश मटोरिया मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। छात्रों के डूबने की सूचना मिलते ही कॉलेज स्टाफ सदस्य व अन्य स्टूडेंट्स भी पहुंच गए।
शनिवार दोपहर को कॅालेज के छात्र अनुराग जागलान निवासी कैथल, मुकुल शर्मा निवासी फरीदाबाद, शुभम शर्मा निवासी पंचकूला बुलेट बाइक नं सीएच01बी-6078 से यमुनानदी के गुमथला घाट पर नहाने गए थे।
इस दौरान तीनों दोस्त नहाते हुए गुमथला घाट पर गहरे कुंड में डूब गए। मुकुल शर्मा व शुभम शर्मा को ग्रामीणों ने बचा लिया, लेकिन अनुराग पानी में बह गया। छात्रों के डूबने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं कॉलेज परिसर में सन्नाटा छाया रहा।
सात दिनों में दूसरी घटना:
यमुनानदी के गुमथला घाट पर सात दिनों में डूबने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले रविवार दोपहर को गांव गुमथला निवासी रजत (18) घाट के गहरे कुंड में डूब गया था। पांच दिनों बाद गोताखोरों ने रजत के शव को गुमथला घाट से बरामद किया था। घाट पर बने गहरे कुंडों में डूबने से काफी लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से गुमथला घाट पर गहरे कुंडों की जानकारी देने के लिए कोई साइन बोर्ड तक नहीं लगाया गया है।
कर रहे हैं युवक की तलाश:
उधर, इस बारे थाना जठलाना प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश मटोरिया ने बताया कि प्रशासन की ओर से लापता युवक की यमुना नदी के गुमथला घाट पर तलाश की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गुमथला घाट पर बने गहरे कुंडों में न नहाएं। इससे जान का खतरा है।