रेलवे रोड पर आनंद मार्केट में खुले शराब ठेकों को लेकर लोगों ने एक बार फिर सड़क पर उतर ठेका खुलने का विरोध किया। यहां शराब ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी की। थाना शहर एसएचओ सुभाष चंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गुस्साएं लोगों को समझाकर शांत किया। मामला शांत होने तक यहां पुलिस बल तैनात किया गया। बतां दे कि बीते वर्ष भी क्षेत्र के लोगों ने यहां ठेका खुलने का विरोध किया था।
रेलवे रोड पर आनंद मार्केट में शराब का ठेका खुलने के विरोध में शुक्रवार सुबह काफी संख्या में लोग एकत्रित हुए। लोगों ने यहां ठेका खुलने का विरोध किया। ठेकेदार को ठेका बंद करने की बात कहकर ठेका बंद करा दिया। इस दौरान ठेकेदार के साथ लोगों की नोकझोंक भी हुई। मामले की सूचना मिलते ही सूचना पर एसएचओ सिटी यमुनानगर सुभाष चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने विरोध कर रहे लोगों को समझाया। लेकिन लोग ठेके को खोलने को तैयार न थे। उनका कहना है वह किसी भी कीमत पर यहां ठेका नहीं खोलने देंगे। काफी देर तक समझाने के बाद लोग शांत हुए। लेकिन उन्होंने ठेके का ताला नहीं खुलने दिया। ठेकेदार ने लोगों को बताया कि नियमों के अनुरूप ठेका लगाया गया है। अगर डीसी व अन्य उच्च अधिकारी उन्हें ठेका बंद करने को कहेंगे तो वह ठेका बंद कर देंगे। इसके बाद एसएचओ सुभाष चंद्र ने लोगों को समझाकर ठेका खुलवा दिया।
बुधवार को डीसी से करेंगे शिकायत
विरोध करने वाली महिलाओं ने बताया वह इस संबंध में डीसी से मिलने के लिए गए थे। लेकिन उन्हें डीसी नहीं मिले। अब वे बुधवार को दोबारा डीसी ऑफिस जाएंगे और शिकायत देकर ठेका बंद करवाने की मांग करेंगे।
नहीं रहेंगी महिलाएं सुरक्षित
आनंद मार्केट निवासी रोहित, जगदीश, गोबिंद राम, स्वाति, ममता, पूनम, सतीश आदि ने बताया जिस स्थान पर ठेका खोला गया है। वह गलत है। यहां से महिलाओं का आवागमन होता है। इससे थोड़ी दूरी पर मंदिर है। महिलाओं को अधिकतर कामों के लिए यहीं से निकलना पड़ता है। ठेका खोलने से महिलाएं सुरक्षित नहीं रहेगी, क्योंकि बहुत से लोग ऐसे हैं जो ठेके बाहर शराब पीने लगते हैं। ऊंचा बोल कर शांति भंग करते हैं। नशे में लोग महिलाओं पर फब्तियां कसेंगे। इस लिहाज से यहां ठेका नहीं खोला जाना चाहिए। इससे लोगों की शांति बनी रहेगी।
सामने शिव मंदिर, पास में स्कूल
लोगों ने बताया कि जहां ठेका खुला है, उसके बिल्कुल सामने शिव मंदिर है। वहीं ठेके के पास ही गोविंदराम विद्या मंदिर स्कूल है। स्कूल आने जाने वाले बच्चों को ठेके के पास से ही जाना पड़ता है। इसके अलावा ठेके के पास ही निजी स्कूल बसों का स्टॉपिज है। महिलाओं को सुबह व दोपहर को ठेके के पास ही खड़ा होकर बच्चों की स्कूल बस आने का इंतजार करना पड़ता है। ठेका खुलने से महिलाओं अब खुद का असुरक्षित महसूस करेंगी।
एटीएम में आने वाले लोगों को होगी दिक्कत
पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर ने बताया कि ठेके के नजदीक एटीएम भी लगा है। एटीएम में भी काफी संख्या में लोग आते हैं। जिनमें महिलाएं और युवतियां भी होती है। इस लिहाज से भी ठेका यहां खोलना जायज नहीं है। इसका असर एटीएम में आने वाले लोगों पर भी पड़ेगा। क्योंकि महिलाएं व दूसरे भी पैसे के लिए एटीएम में आते हैं। जिससे उन्होंने दिक्कत होगी।
नियमों के अनुरूप चलाते है ठेका : ठेकेदार
शराब ठेके के ठेकेदार नरवाना निवासी रमेश कुमार ने बताया कि वह नियमों का अनुपालन करते हैं। नियम के अनुसार ही ठेका खोला गया है। जो लोग विरोध कर रहे हैं उनकी एक दुकान हैं जहां शाम के समय अवैध शराब बेची जाती है। यहां ठेका खोले जाने से इनकी दुकानदारी प्रभावित होगी। इसलिए यह लोग विरोध कर रहे हैं।
आनंद मार्केट के नजदीक लोगों द्वारा ठेका बंद करने की सूचना पर वे मौके पर पहुंचे थे। लोगों को समझाकर शांत कर दियागया है। ठेका नियमों के तहत बनाया गया है।
सुभाष चंद्र, एसएचओ, थाना शहर यमुनानगर।