मॉडल टाउन में शॉपिंग मॉल के बाहर फायरिंग करने वाले तीन बदमाशों में से एक करनाल के गांव शेरगढ़ का रजत पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। रजत का शुक्रवार रात करीब दस बजे थाना रादौर क्षेत्र में अंबाला शामली हाइवे पर गांव धनौरा समीप यमुनानगर पुलिस से सामना हो गया।
पुलिस टीम को देख रजत ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। दोनों ओर से करीब 16 गोलियां चलीं। बदमाश रजत को पांच गोलियां लगी, एक गोली सीआईए-2 प्रभारी राकेश के दाए हाथ पर लगी। रजत को पुलिस टीम यमुनानगर के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंची, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीआईए-2 प्रभारी राकेश भी उपचाराधीन हैं।
ये था मामला
गत रविवार रात करीब 8:20 बजे तीन बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर यमुनानगर बस स्टैंड समीप 17 वर्षीय किशोर से बाइक लूटी। इस बाइक पर मॉडल टाउन में बरनाला शॉपिंग मॉल के बाहर करीब पौने नौ बजे फायरिंग कर फरार हो गए।
फायरिंग एसपी आवास से चंद कदमों की दूरी पर हुई। वहां से बदमाश लाडवा पहुंचे और शराब ठेके व घर के बाहर भी गोलियां चलाईं। इन फायरिंग को कराने में विदेश बैठे कुख्यात बदमाश का नाम सामने आया है।
काला राणा ग्रुप के नाम से बने इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट डाली गई, जिसमें लिखा था कि जो बरनाला शोरूम और लाडवा ठेका पर गोली चली है, हमने चलवाई है और ये ट्रेलर था।