कोट कलसिया में दो सप्ताह से लगभग 40 घरों में बिजली सप्लाई बंद है। लोग जहां अंधेरे में जीवन जी रहे है, वहीं बिजली न होने से दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे है। दो सप्ताह पूर्व सड़क किनारे खड़े बिजली के दो ट्रांसफार्मरों को मिट्टी से भरे डंफरों ने तोड़ दिया था। जिस कारण कोट कलसिया पुल माजरी में यह समस्या पैदा हुई। हांलाकि कुछ रसूखदार लोगों के यहां बिजली कर्मचारियों ने बिजली दूसरी लाईन से चालू कर रखी है। पिछले दो सप्ताह से अंधेरे का दंश झेल रहे लोगों की तरफ पंचायत या विभाग किसी भी व्यक्ति ने मुड़ कर नहीं देखा। जिसके चलते लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष पनप रहा है।
कोट निवासी सतप्रीत सिंह, रमन सिंह, रजत कुमार, मांगा राम, शिवकुमार, निहाल सिंह, मनदीप, अकरम, अमित गोयल, जितेंद्र, राजीव, राहुल, जसपाल सिंह, जगमोहन सिंह, रणधीर, भगवंत सिंह आदि लोगों का कहना है कि कोट पुल के पास माजरी में सड़क किनारे लगे दो ट्रांसफार्मरों को मिट्टी से भरे डंपरों ने तोड़ दिया था। जिसके चलते लगभग 40 घरों की बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी। मगर पंचायत या निगम के किसी भी व्यक्ति ने इन घरों में बिजली सप्लाई चालू नहीं कराई। ग्रामीण युवाओं ने प्रशासन को चेताया कि अगर दो दिन के अंदर-अंदर उनके घरों में बिजली सप्लाई चालू नहीं की गई तो वह लोग बिजली मंत्री से मिलकर निगम व पंचायत की लापरवाही की पोल खोलेंगे।
ट्रंासफार्मर तोड़ने वालों पर हो कार्रवाई
ग्रामीणों का कहना है कि जिन लोगों ने मिट्टी से भरे डंपरों से सरकारी ट्रांसफार्मरों को तोड़ा था। उनके खिलाफ आज तक भी कोई कारवाई नहीं की गई। अगर बिजली निगम उनके खिलाफ कारवाई करता तो अब तक ट्रांसफार्मर लग चुके होते। उनकी मांग है कि आरोपियों के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में केस दर्ज किया जाए और बिजली निगम के हुए नुकसान की भरपाई करवाई जाए।
महकमा बरत रहा लापरवाही :
एक-एक करके लगभग दो सप्ताह से भी अधिक दिन बीत चुके हैं। महकमे ने 40 घरों की बिजली सप्लाई को दुरूस्त करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। जिस कारण इन लोगों का अंधेरे में ही जीवन यापन करना पड़ रहा है। माजरी साथ में ही गंदे पानी की ड्रेन है जिसमें खड़े गंदे पानी से जीना मुश्किल हो गया है।
दो दिन में हो जाएगी बिजली सप्लाई शुरू : एसडीओ
बिजली निगम छछरौली के एसडीओ पंकज देशवाल का कहना है कि जिन लोगों ने सड़क किनारे खड़े दो ट्रांसफार्मरों को तोड़ा था। उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया जा चुका है। उनके रिकवरी भी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन घरों में बिजली की दिक्कत है। वहां पर कर्मचारी भेज कर जांच कराई गई है। दो दिनों के अंदर-अंदर सभी घरों में बिजली सप्लाई चालू कर दी जाएगी।