नोटबंदी के खिलाफ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। आप कार्यकर्ताओं ने इस दौरान शहर के मधु चौक से लेकर रेलवे चौक तक पैदल रोष मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी सदस्यों ने केंद्र सरकार से नोटबंदी के फैसले को वापस लेने की मांग की है।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भारी संख्या में रविवार सुबह शहर के मधु चौक पर एकत्रित हुए। इस दौरान पार्टी सदस्यों ने नोटबंदी के विरोध में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. राजेश सैनी और आब्जर्वर अजय गौतम ने की। प्रदर्शन करते हुए सभी कार्यकर्ता रेलवे रोड पर उतर गए। मधु चौक से पैदल रोष मार्च निकालते हुए सभी कार्यकर्ता रेलवे रोड से होते हुए प्यारा चौक, शहीद भगत सिंह चौक, महावीर चौक से होकर रेलवे स्टेशन चौक पर पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी के जिला अध्यक्ष सैनी व अजय गौतम ने कहा कि नोटबंदी जनता के साथ बहुत बड़ा धोखा है।
यह आजाद भारत का सबसे बड़ा घोटाला है। प्रधानमंत्री देश की जनता को बेवकूफ बना रहे हैं। अंबाला लोकसभा के युवा अध्यक्ष योगेश सेठी ने कहा कहा कि बीजेपी ने चुनावी घोषणा पत्र में सौ दिन में काला धन वापस लाने को कहा था लेकिन आज तक कालाधन नहीं आया है। रोष मार्च में अरविंद्र सिंह खालसा, अनिल प्रजापति, चेतन, नरेश लाल कांबोज, राजकुमार, ललतेश कुमार, बलदेव राज, रामेश्वर, सूरजभान, अजमेर, योगेश सेठी, अजय शर्मा, सुनील, मदन मोहन वोहरा, दलीप कुमार, राजाराम, वरूण, रौनक, योगेंद्र चौहान, जसबीर ङ्क्षसंह व हरिकिशन जोहर मौजूद थे।