अंबाला के धीन गांव में करवा चौथ पर पत्नी से मिलकर लौट रहे फर्कपुर क्षेत्र के गांव कांसली निवासी रामदास की डंपर की टक्कर लगने से मौत हो गई। जबकि उसके साथ बाइक पर सवार उसके फूफा घायल हो गए। हादसा नेशनल हाईवे 73 पर गांव कैल के नजदीक बुधवार देर शाम हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। मामले में पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव कासली निवासी रामदास (32) की शादी करीब छह साल पहले अंबाला जिले के गांव धीन निवासी रानी के साथ हुआ था।
कुछ दिन पहले उसकी पत्नी रानी अपने मायके मिलने के लिए गई थी। बुधवार को रामदास करवाचौथ पर अपनी पत्नी रानी को लेने के लिए बाइक पर गांव धीन गया था। उसके साथ उनके फूफा कांसापुर निवासी चमेला राम थे। पत्नी से मिलकर बुधवार देर शाम रामदास अपने फूफा के साथ बाइक पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। नेशनल हाईवे 73 पर (अंबाला-जगाधरी) मार्ग पर जैसे ही वे गांव कैल के नजदीक पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रहे डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के पीछे बैठे चमेला राम एक साइड में गिर गए, जबकि बाइक चला रहे रामदास को डंपर ने अपनी चपेट में ले लिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चमेला राम घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी डंपर चालक मौके से फरार हो गया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। जिससे हाईवे पर जाम की स्थिति हो गई। राहगीरों की मदद से घायल को जगाधरी सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही थाना सदर जगाधरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचाया। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्जकर लिया।
पत्नी मांग रही थी लंबी उम्र की दुआ
जिस समय हादसा हुआ समय अपने मायके में रामदास की पत्नी रानी उसकी लंबी उम्र की दुआ मांग रही थी। चमेला राम ने बताया कि वे अपने भतीजे रामदास के साथ उसकी पत्नी रानी को लेने के लिए गए थे। रानी ने करवा चौथ होने पर शुक्रवार को अपने भाई के साथ आने की बात कहीं थी। जिस पर वे दोनों वापस चले आए थे। उन्हें क्या पता था कि जिस पति के लिए वह लंबी उम्र की दुआ मांग रही थी। उसे वह अंतिम बार देख रही थी। रामदास की मौत से जहां दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। वहीं उसकी पत्नी व अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।
कैल के नजदीक हादसे में युवक की मौत होने की सूचना पर वे मौके पर गए थे। अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में केस दर्जकर लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
- राजिंद्र सिंह, एसएचओ, थाना सदर जगाधरी।