रादौर के घेसपुर चुंगी पर गुरुवार की शाम को कुछ बाइक सवार हथियारबंद युवकों ने एक दुकानदार पर हमलाकर उसे घायल कर दिया। हमलावरों ने दुकानदार की दुकान में घुसकर शीशे व दुकान के फर्नीचर भी तोड़ दिया। बाद में आसपास के लोगों ने दुकानदार को हमलावरों के चुंगल से छुड़वाया। मामले की सूचना मिलने के बाद रादौर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।
पुलिस के आने से पहले हमलावर बाइकों से फरार होने में कामयाब हो गए। हथियारबंद युवकों द्वारा दुकानदार पर किए गए हमले से शहर में दहशत फैल गई। गांव घेसपुर निवासी राजीव सैनी ने बताया कि उनकी घेसपुर चुंगी पर कस्तूरबा गांधी आश्रम के सामने सैनी मेडिकोज नाम से दुकान है। दो दिन पहले उनकी रादौर के दो युवकों के साथ किसी बात को लेकर बहस हुई थी। इसके बाद गुरुवार शाम को उपरोक्त दोनों भाई अपने कुछ साथियों के साथ बाइक पर तलवारें व गंडासियां लेकर दुकान पर पहुंचे। हमलावरों ने उन पर तलवारों से हमला कर दिया, जिसमें उसे चोटें आईं।
आसपास के दुकानदारों ने राजीव को हमलावरों से बचाया। राजीव सैनी ने बताया कि हमलावर अपने चेहरे पर नकाब पहनकर आए थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके। लेकिन उन्होंने रादौर के दो भाइयों को पहचान लिया है। इनके बारे में उन्होंने थाना रादौर में शिकायत दी। उधर, थाना रादौर प्रभारी ज्ञानसिंह गुर्जर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद हमलावरों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।