संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। वार्ड 12 के रूपनगर कॉलोनी में सीवरेज की पाइप लाइन जाम होने से गंदा पानी गली में भर गया है। एक ओर निवासी गंदे पानी की निकासी ठप होने से परेशान हैं, वहीं दुर्गंध के साथ गंदे पानी से ही आने-जाने पर मजबूर हैं। आरोप है कि गंदे पानी के कारण ही यहां कई बच्चों के पैरों व टांगों में इंफेक्शन हो गया है। इस पर गुस्साए कॉलोनी के लोग सोमवार को लघु सचिवालय पहुंचे और डीसी के नाम शिकायत दी।
कॉलोनी निवासी मन्नू, प्रमिल, रविंद्र, श्रवण, बीना, लोकेश, राजकुमार, मोनिका, ऋषि पाल, सतीश पाल ने बताया कि संजीव चक्की के पास सीवरेज की पाइप लाइन जाम होने से गंदा पानी ओवरफ्लो होकर गली में भर गया है। आरोप है कि दो साल से कॉलोनी में सीवरेज की पाइप लाइन की सफाई नहीं हुई। इसी वजह से गत दो माह से सीवरेज की पाइप लाइन पूरी तरह जाम पड़ी है।
गली में भरे सीवरेज के गंदे पानी के बीच से ही आसपास के लोग अपने कामों से जा रह हैं। स्कूली व छोटे बच्चे गंदे पानी के बीच जाते हैं, जिससे कई बच्चों के पैरों व टांगों पर इंफेक्शन हो गया है। इस बारे में पार्षद व संबंधित विभाग के कर्मचारियों को अवगत करवा चुके हैं, पर कोई इस ओर सुध नहीं ले रहा है।
सीवरेज के गंदे पानी से लगातार आ रही दुर्गंध से ही लोगों का घरों में दम घुटने लगा है। साथ ही घरों से बच्चों को स्कूल व बड़ों का अलग-अलग कामों के लिए जाना मुश्किल हो गया है। ज्यादा परेशानी रात के समय है, क्योंकि अंधेरे में गली में भरे गंदा पानी के बीच से आने-जाने में गिरकर चोटिल होने की आशंका है। इस बारे में जनस्वास्थ्य एवं जलापूर्ति अभियांत्रिकी विभाग के एक्सईएन का कहना है कि कर्मचारी मौके पर भेजकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।