संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने पर मार्च से जून तक शहर में नए काम नहीं लग पाए, वहीं अब इसमें मानसून की बारिश खलल बनेगी। हालांकि नगर निगम अफसर आचार संहिता हटने के बाद से धड़ाधड़ शहर के नए सहित पुराने (जिनकी ई निविदा प्रक्रिया पूरी नहीं हुई) कामों की ई-निविदा लगा रहे हैं, पर इसकी प्रक्रिया पूरी होने पर भी बारिश के बीच निर्माण कार्य होने मुमकिन नहीं होंगे।
वहींआगामी महीनों में विधानसभा चुनाव की घोषणा पर आचार संहिता लगने पर फिर नए काम रुक सकते हैं। ये देख निवर्तमान पार्षद मांग कर रहे हैं कि ई-निविदा कम समय अवधि की हो, जिससे सभी काम सिरे चढ़ पाएं। नगर निगम की ओर से लोकसभा चुनाव की आचार संहिता हटने के बाद से करीब 11 करोड़ रुपये के कामों की ई-निविदा लगाई जा चुकी है। इसमें ज्यादातर काम ऐसे हैं, जिनकी पहले लगी ई निविदा की प्रक्रिया आचार संहिता लगने या ठेकेदार न मिलने पर पूरी नहीं हो पाई थी।
साथ ही कई कामों की पहली बार ई निविदा लगी है। इनमें सभी कॉलोनियों को पहचान दिलाने के लिए 42.35 लाख से साइन बोर्ड लगाने, विभिन्न वार्डों में 56.22 लाख से शौचालय व केयर टेकर रूम बनाने सहित 11 वार्डों में पाइप बिछाने व गलियों-नालियां व अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं।
निवर्तमान पार्षदो रामआसरा भारद्वाज, विनोद मरवाह, निर्मल चौहान ने कहा कि पहले तीन माह लोस चुनाव की आचार संहिता के कारण नए काम नहीं लग पाए। अब आचार संहिता हटने पर मानसून सीजन आ गया। इसमें होने वाली बारिश में भी काम नहीं हो पाएंगे। आगामी महीनों में विस चुनाव होने की संभावना है, जिसकी घोषणा पर आचार संहिता लगने पर भी काम रुक सकते हैं। मांग है कि ई निविदा कम समय अवधि की हो, साथ ही उसका जनप्रतिनिधियों, एजेंसियों व ठेकेदारों के बीच प्रचार हो। जिससे समय रहते ई निविदा प्रक्रिया पूरी हो और धरातल पर काम लग सकें।
इन 1.09 करोड़ के नए कामों की लगी ई-निविदा
वार्ड 21 की बैंक कॉलोनी के राजीव गार्डन में 10.15 लाख रुपये से 200 एमएम डाया के एनपी-2 पाइप बिछाने सहित गली का निर्माण, वार्ड 16 के लक्ष्मी गार्डन में 14.91 लाख रुपये से 200 एमएम डाया के एनपी-2 पाइप बछाने सहित गली का निर्माण, वार्ड-17 के लक्ष्मी नगर में 12.70 लाख रुपये से स्वामी विवेकानंद स्कूल समीप 200 एमएम डाया के एनपी-2 पाइप बिछाने सहित गली का निर्माण, वार्ड नौ में 54.05 लाख रुपये से ओबरॉय चौक से गोनी आनंद के घर और पीसी अग्रवाल के घर से पीएनटी कॉलोनी व कविता अरोड़ा के घर से रामनिवास गर्ग के घर तक एनपी-2 पाइप बिछाने सहित सीसी रोड का सुदृढ़ीकरण, वार्ड नौ की मॉडल कॉलोनी में 31.29 लाख रुपये से अशोक बग्गा की दुकान से कुलदीप सिंह की दुकान तक बॉक्स टाइप नाले व मॉडल कॉलोनी में आर्य समाज मंदिर से एनपी मेहता के घर व अशोक बग्गा की दुकान से विजय लांबा के घर तक एनपी-2 पाइप बिछाने का काम होगा।
शहर के विकास कार्य नियमानुसार ई निविदा प्रक्रिया के जरिए कराए जा रहे हैं। पूरा प्रयास है कि विकास कार्य समय रहते शुरू और पूरे कराए जाएं। इस संबंध में कोई मांग आती है तो उस पर विचार किया जाएगा।- आयुष सिन्हा, आयुक्त, नगर निगम।