सरस्वती नगर। तलाकौर गांव के मुख्य बाजार में शराब का ठेका डिस्पेंसरी के सामने खुलने पर महिलाओं ने हल्लाबोल दिया। महिलाएं एकत्रित होकर ठेके के सामने धरना देकर बैठ गईं और ठेका हटाए जाने की मांग के समर्थन नारेबाजी की। महिलाएं इस बात पर अड़ गई जब तक ठेका नहीं हटेगा वे यहां से हटने वाली नहीं है। मकान मालिक की ओर से दुकान खाली कराने का भरोसा देने पर महिलाएं शांत होकर लौट गईं।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि जब वे डिस्पेंसरी आती हैं तो उन्हें कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शराब से नशे मेंलोग डिस्पेंसरी में आने वाली महिलाओं पर नशे में फब्तियां कसते हैं। गांव के ही सौरभ सैनी, सचिन ने कहा कि यहां नजदीक ही मंदिर भी है। ऐसे में शराब के ठेका यहां होना औचित्य नहीं। यह ठेका गांव से बाहर जाना चाहिए। यदि ठेका यहां से नहीं हटा तो बेमियादी धरना शुरू कर दिया जाएगा।
जैसे ही ग्रामीणों ने इकट्ठा होना शुरू किया, शराब ठेकेदार का कारिंदा ठेके पर ताला लगाकर चला गया। वहीं मामला बढ़ता देख वहीं जिस दुकान में ठेका खुला हुआ है, उस के मालिक पुरुषोत्तम ने बताया कि उसने ठेकेदार से कोई एग्रीमेंट नहीं किया है।उसने ठेकेदार को दुकान खाली करने के लिए कह दिया है। सरपंच संदीप सैनी ने कहा कि गांव वासियों की शिकायत उनके पास आई थी। उसने ठेकेदार से यह कह दिया है कि दुकान यहां से शीघ्र बदलवा दे। उम्मीद है शीघ्र यहां ठेका बंद हो जाएगा।