संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व जल एवं स्वच्छता सहयोग संगठन की ओर से कश्यप धर्मशाला प्रतापनगर में प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। जिसमें जल एवं सीवरेज समिति की 31 स्वयं सहायता समूह की सदस्यों को प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में जिला सलाहकार रजनी गोयल वक्ता रहीं। कार्यक्रम जूनियर इंजीनियर भरत सिंह के नेतृत्व में करवाया गया।इस दौरान रजनी गोयल ने बताया कि सरकार द्वारा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
जिसमें उन्हें अपनी पंचायत में नए पानी और सीवरेज के कनेक्शन ऑनलाइन करना, पानी के सैंपल की ओटी टेस्ट करना सिखाया जा रहा है। इसके बदले में उन्हें निर्धारित प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। रजनी ने कहा कि आधी आबादी महिलाएं जल संरक्षण में विशिष्ट भूमिका निभा सकती हैं। इसलिए स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों को ही यह काम दिया गया है।
एक महीने में 25 दिन ओटी टेस्ट का काम करना है और प्रतिदिन तीन पानी के सैंपल की ओटी किट से जांच करनी है। इसमें एक ट्यूबवेल का, एक गांव में और एक गांव के अंतिम छोर पर पानी के सैंपल की ओटी किट से जांच करनी होगी, जिसमें प्रति सैंपल दस रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस दौरान ओटी किट से पानी जांच की तकनीक महिलाओं को बताई गई। इस दौरान जेई धर्मवीर राठी, बीआरसी मुनीश कुमार, विजय कुमार सहित महिलाएं उपस्थित रहीं।