यमुनानगर। रामपुरा स्थित श्री हनुमान मंदिर में मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। सुबह से ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में पहुंचे और श्री हनुमान जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेककर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।
मंदिर के पुजारी शारदा प्रसाद मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को श्री हनुमान जी के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाता है। मंदिर में आने वाले श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। मंगलवार के दिन मंदिर में विशेष रूप से भक्तिमय माहौल बना रहता है। पुजारी ने बताया कि मंदिर परिसर में प्रतिदिन महिलाओं की ओर से भजन-कीर्तन किया जाता है।
विज्ञापन
मंगलवार को भी महिलाओं ने एकत्र होकर भगवान के भजनों का गुणगान किया। भजनों के दौरान महिलाओं ने नृत्य कर अपनी भक्ति प्रकट की। इससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। श्रद्धालु भी भजन-कीर्तन में शामिल होकर भगवान का गुणगान करते नजर आए। दोपहर के समय मंदिर परिसर के बाहर श्रद्धालुओं की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया।
इसमें आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं। भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं में सेवा और धार्मिक आस्था का भाव देखने को मिला। मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।