संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शहर के हनुमान गेट स्थित श्री लालद्वारा मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर्व 29 जुलाई को मनाया जाएगा। इसे लेकर मंदिर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी मंदिर आयोजित श्री रामायण पाठ का रविवार को पाठ का समापन हो गया। महिलाओं ने भजनों के भगवान श्रीराम का गुणगान किया।
हवन में पूर्णाहुति देकर इसका समापन किया गया। इसके बाद भंडारा करवाया गया। हवन में डिशु बग्गा सपरिवार मुख्य यजमान रहे। मंदिर कमेटी प्रधान कुलभूषण मेहता व महासचिव नरेंद्र पुरी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीयों का अत्यंत पावन पर्व है। इस दिन गुरु की पूजा कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करने की परंपरा है।
शास्त्रों में गुरु को भगवान से भी श्रेष्ठ स्थान दिया गया है, इसलिए सभी को अपने गुरु एवं बड़ों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लेना चाहिए। पंडित प्रकाश शास्त्री ने कहा कि यह पर्व गुरु के ज्ञान, स्नेह और आध्यात्मिक मार्गदर्शन का प्रतीक है। उन्होंने कहा, हरि रूठे गुरु ठौर है, गुरु रूठे नहीं ठौर, जो गुरु की महिमा को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को मंदिर में गुरु पूर्णिमा का उत्सव संकीर्तन, सत्संग और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धा एवं उल्लास पूर्वक मनाया जाएगा। इस दौरान सुरेंद्र कुमार विग, राकेश विग, प्रदीप मदान, अमित सचदेवा, राजेंद्र आनंद, उडीक चंद, सतपाल शर्मा, राजेश, मूलराज भारद्वाज, रमेश वडेरा, कृष्ण लाल विग सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।