ट्विनसिटी में मात्र 12 घंटे के भीतर महिलाओं से झपटमारी की तीन वारदातें हुईं। जगाधरी की तोताराम धर्मशाला के पास झपटमारों ने कैथल निवासी कविता के गले से सोने की चेन झपट ली। वहीं, रेलवे रोड पर तीन युवकों ने ई रिक्शा सवार सफाई कर्मचारी का पर्स छीन लिया। इस दौरान लोगों ने एक युवक की पकड़कर धुनाई भी की, जबकि दो युवक फरार हो गए। तीसरी वारदात सरोजनी कॉलोनी में हुई। यहां एक्टिवा सवार युवक मंदिर से घर लौट रही महिला के कान से सोने की बाली झपटकर फरार हो गए। तीनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ब्यूटी पार्लर जा रही महिला के गले से झपटी सोने की चेन, गिरने से घुटने पर लगी चोट -
जगाधरी की अमर विहार कॉलोनी निवासी रूचिल अग्रवाल ने बताया कि उनके घर पर उसकी रिश्तेदार सेक्टर-20 कैथल निवासी कविता आई हुई है। बुधवार शाम को उसकी पत्नी शालू और कविता एक्टिवा पर ब्यूटी पार्लर जा रही थीं। उसकी पत्नी एक्टिवा चला रही थी, जबकि कविता पीछे बैठी थी। जब वे दोनों तोता राम धर्मशाला के पास पहुंचीं तो पीछे से बाइक पर सवार होकर एक युवक आया। आरोपी ने आते ही उसकी रिश्तेदार कविता के गले से लाकेट डली हुई सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। इस दौरान एक्टिवा असंतुलित हो गई और नीचे गिरने से दोनों के घुटनों पर चोट लग गई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
ई-रिक्शा सवार महिला से पर्स छीना, दो युवक फरार, एक युवक को पकड़ लोगों ने की धुनाई -
अग्रसेन चौक निवासी अनवरी ने बताया कि वह अस्पताल में सफाई कर्मचारी है। रात आठ बजे वह ई-रिक्शा में अग्रसेन चौक से बैठकर प्यारा चौक के नजदीक स्थित गौतम अस्पताल में नाइट ड्यूटी पर जा रही थी। जब वह डिंपल सिनेमा के पास पहुंची तो पीछे से बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए। आरोपियों ने आते ही उसके हाथ से पर्स झपट लिया और मौके से भाग गए। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आरोपियों का पीछा कर एक युवक को सफायर होटल के पास पकड़ लिया, जबकि दो युवक भागने में कामयाब हो गए। इस दौरान लोगों ने पकड़े गए युवक की धुनाई की। पकड़े गए युवक की पहचान धारू कुटिया पटियाला पंजाब निवासी करण के रूप में हुई, जो फिलहाल बिलासपुर में किराये के मकान में रहता है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मंदिर से लौट रही महिला के कान से एक्टिवा सवार युवक ने झपटी बाली -
सरोजनी कॉलोनी निवासी सत्या शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार शाम को वह महादेव मंदिर में माथा टेकने गई थी। माथा टेकने के बाद देर शाम वह अपने घर वापस आ रही थी। जैसे ही अपने घर के पास पहुंची तो पीछे से एक अज्ञात युवक एक्टिवा पर सवार होकर आया। इससे पहले वह कुछ समझ पाती आरोपी युवक ने उसे पीछे से पकड़कर उसके दोनों कानों से सोने की बालियां छीनने की कोशिश की। शोर सुनकर आरोपी युवक उसके एक कान से ही सोने की बाली छीन कर अपनी एक्टिवा पर फरार हो गया। बाली छीनने से उसका कान जख्मी हो गया। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।