प्रतापनगर। हिमाचल प्रदेश के जिला पांवटा साहिब के गांव माजरा स्थित मायके में रक्षाबंधन मनाने जा रही महिला व उसके पति को पिकअप ने गांव अराइयां वाला के नजदीक जोरदार टक्कर मार दी। अस्पताल में डॉक्टर ने पति को मृत घोषित कर दिया। जबकि हादसे में महिला व उसके दो बच्चों को भी चोट आई। वहीं, बूड़िया-देवधर रोड पर ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई। मृतक रक्षाबंधन पर पत्नी को लेकर ससुराल जा रहा था। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव ससौली निवासी मंजू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हिमाचल प्रदेश के जिला पांवटा साहिब के गांव माजरा में उसका मायका है। वह वीरवार को मायके में भाई को राखी बांधने जा रही थी। इसके लिए वह बाइक पर अपने पति 40 वर्षीय मनोज कुमार, 10 वर्षीय बेटे यक्ष व आठ वर्षीय बेटी हरनीत के साथ बाइक पर जा रही थी।
जब वह जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर गांव अराइयां वाला में पीर बाबा की मजार के पास पहुंचे तो प्रतापनगर की ओर से तेज गति से आ रही बोलेरो पिकअप ने उनकी बाइक में पीछे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और वह चारों सड़क पर गिर गए। मनोज की छाती में बाइक का हैंडल घुस गया। जिससे वह बेहोश हो गया। जबकि मंजू व दोनों बच्चों को भी चोट लगी। हादसे के बाद आरोपी चालक पिकअप लेकर फरार हो गया। हाईवे से जा रहे लोगों ने घायल मनोज व उसके परिवार को एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद मनोज को मृत घोषित कर दिया। मनोज कारपेंटर का काम करता था। हादसे की सूचना पाते ही थाना प्रतापनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस पिकअप चालक की तलाश कर रही है।
राखी बांधने जा रहे थे, ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग दंपती की मौत
बूड़िया। बूड़िया-देवधर रोड पर गांव मनभरवाला के पास तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में 63 वर्षीय चंद्रभान व उसकी पत्नी 60 वर्षीय लछमी देवी की मौत हो गई। चंद्रभान लछमी देवी को रक्षाबंधन के लिए प्रतापनगर स्थित ससुराल में लेकर जा रहा था।
गांव इस्माइलपुर निवासी चंद्रभान अपनी पत्नी लछमी देवी के साथ ससुराल में जा रहा था। जब वह गांव मनभरवाला के पास पहुंचे, तो जगाधरी की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दंपती बाइक समेत सड़क पर गिरकर बुरी तरह से घायल हो गए। चंद्रभान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी लछमी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। दंपती की मौत से गांव में शोक की लहर है।