संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी (यमुनानगर)। एक कॉलोनी में पति से अलग रह रही महिला को नौकरी दिलवाने के बहाने दो युवकों ने उसे होटल में ले जाकर एक व्यक्ति को सौंप दिया। वहां पर व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया। थाना शहर जगाधरी पुलिस ने मामले की दोनों आरोपी युवकों को नामजद करते हुए एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
एक कॉलोनी निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 2013 में एक व्यक्ति के साथ हुई थी। शादी के बाद उसके पति की उसके साथ अनबन रहने लगी। वह किराए के मकान में अपने एक लड़के के साथ रहती है। महिला ने बताया कि इस दौरान उसकी मुलाकात गांव करेहड़ा खुर्द निवासी पवन उर्फ विक्की व चुहड़पुर निवासी दीपक के साथ हुई। आरोपियों ने उसे कहा कि वह उसे नौकरी दिलवा देंगे।
वह आरोपियों की बातों में आ गई। दोनों आरोपियों ने नौ अप्रैल को उसे जगाधरी बस स्टैंड पर नौकरी दिलवाने के बहाने से बुलाया। जब वह बस स्टैंड पर पहुंची तो दोनों आरोपी एक कार में उसे मिले। इसके बाद आरोपी उसे कार में बैठाकर अंबाला रोड स्थित सनसाइन होटल में लेकर गए। आरोपियों ने उसे एक कमरे में बैठने को कहा। वहां पहले से बैठा एक व्यक्ति शराब पी रहा था। उस आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
जब वह वहां से भागने लगी तो आरोपी फिर से उसे पकड़कर कमरे में ले गया और उसके साथ गलत काम किया। वह किसी तरह से वहां से अपने घर पहुंची। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों पवन व दीपक को नामजद करते हुए एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।