बांबेपुर गांव के पास सड़क दुर्घटना में घायल 35 वर्षीय दीपा की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह 15 दिन से निजी अस्पताल में दाखिल थी। 28 सितंबर को अराईयांवाला निवासी दीपा अपने भांजे के साथ प्रतापनगर बाजार से सामान खरीदने जा रही थी। जब वह गांव बांबेपुर के पास पहुंचे तो पीछे से गति से आ रहे बुलेट बाइक सवार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर जा गिरी। उसके सिर में गहरी चोट लगी थी। अस्पताल में दाखिल कराया गया। जिसके बाद से वह उपचाराधीन थी। इस दुर्घटना में बुलेट बाइक सवार भी घायल हुआ है। मृतका दीपा के जेठ रघबीर ने बताया कि उनके घर में 20 अक्टूबर को दो लड़कों की शादी होने वाली थी। परिवार के लोग शादी की तैयारियाें में लगे हुए थे। ऐसे में अब भाभी की मौत से खुशियां गम में बदल गई है।