पुत्रवधु के साथ एक्टिवा पर सवार होकर बाजार जा रही सास को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में सास की मौके पर मौत हो गई। जबकि पुत्रवधु घायल हो गई। हादसा कमानी चौक के पास सहारनपुर रोड पर हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचाया। पुलिस ने मामले में आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्जकर लिया है।
जसवंत कॉलोनी निवासी अर्चना रानी ने बताया कि वीरवार दोपहर एक बजे वो और उसकी सास कमला देवी (70) अपने घर से अपनी एक्टिवा पर सवार होकर निजी काम के लिए बाजार जा रहे थे। एक्टिवा को वो खुद चला रही थी और पीछे उसकी सास कमला देवी बैठी थी। जब वे गली से निकलकर सहारनपुर रोड पर चढ़ने लगे तो कमानी चौक की तरफ से एक ट्रक बड़ी तेजी से आया। आरोप है कि चालक ने लापरवाही से बिना हॉर्न बजाये ट्रक की सीधी टक्कर उसकी एक्टिवा में मारी। टक्कर लगते ही वो और उसकी सास एक्टिवा सहित सड़क पर जाकर गिरे और ट्रक का अगला टायर उसकी सास के पेट को रगड़ता हुआ आगे निकल गया। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक आरोपी चालक मौके से भाग चुका था। राहगीरों ने उसे व उसकी सास को अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी सास का मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
शहर एसएचओ कंवलजीत सिंह का कहना है कि आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्जकर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।