संवाद न्यूज़ एजेंसी
साढौरा। गांव सरावां की रहने वाली 30 वर्षीय महिला निधि गर्ग ने बुधवार को जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसकी उपचार के दौरान निजी अस्पताल में मृत्यु हो गई। मृतका के पिता महिपाल की शिकायत पर पुलिस ने पति विनय जिंदल, सास रेखा जिंदल, जेठ अंकुर व विशाल के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में अंबाला के परशुराम नगर निवासी महीपाल ने बताया कि उसने अपनी छोटी बेटी 30 वर्षीय निधि गर्ग की वर्ष 2020 में गांव सरावां निवासी विनय जिंदल के साथ शादी की थी। शादी के कुछ समय बाद ही उसका पति विनय जिंदल, जेठ अंकुर व सास रेखा उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। कई बार बेटी के साथ मारपीट की गई। इस बारे में आरोपियों के विरुद्ध शिकायत भी दी थी। मौजिज लोगों से बातचीत में समझौता हो गया था। ससुराल वाले बेटी को अपने साथ ले गए थे। उनकी बेटी के पास 11 माह का बेटा भी है।
आरोपी ससुराल वाले निधि गर्ग पर मायके से दो लाख रुपये लेकर आने का दबाव बना रहे थे। इस बारे में उसने मायके वालों को बताया तो फरवरी 2021 में दो लाख रुपये भी दिए। आरोप है कि निधि के नाम से उसके पति विनय जिंदल ने लोन भी लिया। जब भी लोन की किश्त आती तो उसके लिए भी निधि को परेशान किया जाता। मायके वालों को 24 अप्रैल की शाम को पता लगा कि निधि ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है।
हालत गंभीर होने के चलते उसे पंचकूला रेफर किया जा चुका था। वह पंचकूला पहुंचे। वहां निधि की इलाज के दौरान मौत हो चुकी थी। एसएचओ अनिल कुमार ने बताया कि मृतका के पिता महिपाल की शिकायत पर सास रेखा, पति विनय जिंदल, जेठ अंकुर व विशाल के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पंचकूला के सेक्टर चार थाने में दी थी शिकायत
पिता महिपाल ने बताया कि बार-बार तंग करने व मारपीट करने को लेकर बेटी निधि ने पंचकूला के सेक्टर चार थाने में शिकायत भी दी थी। उस समय ससुराल पक्ष वाले आपसी समझौता कर अपने घर ले गए थे। बेटी ने बताया था कि अभी भी ससुराल पक्ष वाले तंग करते हैं और बीच में दो लाख रुपये नकद भी दिए थे। फिर भी पति बार-बार पैसों की मांग करता था और बेटी के नाम से बैंक से लोन भी लिया है।