स्पेशल सेल की टीम ने एयर होस्टेज की नौकरी दिलाने के नाम पर युवती से 15 लाख रुपये ठगने की आरोपी जमशेदपुर निवासी जगजीत कौर उर्फ जश्न को गिरफ्तार किया। आरोपी महिला से पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
छछरौली निवासी युवती ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसने एयर होस्टेज का डिप्लोमा किया हुआ है। कुछ साल पहले वह नौकरी की तलाश थी। तब उसकी सोशल मीडिया पर जगजीत कौर से मुलाकात हुई। जगजीत ने कहा था कि उसके पति के दिल्ली में एयरलाइंस में लोगों से अच्छे संबंध हैं। वह उन्हें नौकरी दिलवा देगी। साल 2011 में उसका भाई आरोपियों से दिल्ली में मिला। तब आरोपियों ने कहा कि वह उसकी नौकरी यूके की मोनार्च एयरलाइंस में लगवा देगा। इसके लिए 15 लाख रुपये देने होंगे। जनवरी 2012 में आरोपी यमुनानगर आए। उन्होंने वहां पर उसके दस्तावेज लिए और 3.50 लाख रुपये ले लिए । इसके बाद चार लाख रुपये की सिक्योरिटी मांगी। वह पैसा सात फरवरी 2012 को दिल्ली में जाकर उन्होंने दिया। इसके बाद वे उसे बैंगलौर ले गए। वहीं उससे ढाई लाख रुपये और लिए। वहीं चार लाख रुपये मुंबई में दिए। इस तरह से वह उन्हें 15 लाख रुपये दे चुके थे, लेकिन उन्होंने उसकी नौकरी नहीं दिलाई। इस शिकायत पर पुलिस ने 26 जून 2021 को केस दर्ज किया था। अब आरोपी महिला जगजीत कौर को काबू किया गया। सेल इंचार्ज राजेश राणा ने बताया कि आरोपी महिला को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।