यमुनानगर। अलग-अलग स्थानों से महिला और युवती को शादी का झांसा देकर अगवा करने के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
साढौरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 अप्रैल को उसकी पत्नी और तीन वर्षीय बेटी रात को खाना खाकर कमरे में सो गए थे। जब वह रात को उठा तो उसने देखा कि उसकी पत्नी व बेटी घर से गायब हैं। बाद में पता चला कि उसकी पत्नी व बेटी को गांव का ही हनीफ शादी का झांसा देकर अगवा कर ले गया है। उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
उधर, शहर की एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार को उसकी 19 वर्षीय पोती किसी काम से घर से बाहर गई थी। मगर उसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कुछ भी पता नहीं चला। जांच करने पर उन्हें मालूम हुआ कि उसकी पोती को कॉलोनी का ही युवक जानिव शादी का झांसा देकर अगवा करके ले गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।