छप्पर स्थित पीएनबी के एटीएम बूथ में एक ठग ने गांव भगवानपुर निवासी हरपाल सिंह का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से तीन ट्रांजेक्शन में 50 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। मोबाइल पर संदेश आने के बाद उसे खाते से रुपये निकलने का पता लगा। थाना छप्पर पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में भगवानपुर निवासी हरपाल सिंह ने बताया कि वह खेती करता है। दो दिन पहले वह छप्पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम बूथ में रुपये निकालने के लिए गया था। कई प्रयासों के बाद भी पैसे नहीं निकले। वहां खड़ा एक युवक उनसे मदद के बहाने बात करने लगा और उसने धोखे से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। बाद में आरोपी ने उससे कहा कि एटीएम खराब है।
इस पर वह घर वापस आ गया। जब वह घर पहुंचा तो उसके मोबाइल पर संदेश आने लगे। पहले 15 हजार रुपये, फिर 25 हजार और तीसरी बार में 10 हजार रुपये निकलने का संदेश आया। उसने अपना एटीएम कार्ड चेक किया। वह बदला था। वह तुरंत बैंक गया और खाता ब्लॉक कराया। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के बारे में पता लगाया जा रहा है।