संवाद न्यूज एजेंसी
जठलाना। गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। रादौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित क्षेत्र के अन्य अस्पतालों में मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज की जा रही है।
सबसे अधिक मामले हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन (पानी की कमी), चक्कर आना, कमजोरी, उल्टी व बुखार के हैं। डॉक्टरों के अनुसार लू से पीड़ित मरीजों में बच्चों, बुजुर्गों व पहले से किसी बीमारी से ग्रसित लोगों की संख्या अधिक है, क्योंकि इनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कमजोर होती है।
दिन में तेज धूप के साथ लू के रूप में गर्म हवाएं चल रही है। इससे लोग बीमार पड़ने लगे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग व डॉक्टर लोगों को बचाव की हिदायत दे रहे हैं। रादौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एसएमओ डॉ. विजय परमार ने कहा कि दोपहर 12 बजे से चार बजे तक घर से बाहर निकलने से यथासंभव बचें। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो छाता, टोपी या स्कार्फ का इस्तेमाल करें। हल्के रंग के, ढीले व सूती कपड़े पहनें। गर्मी में पसीने के कारण शरीर से पानी व आवश्यक लवण की कमी हो जाती है। दिन में बार-बार पानी पिएं, नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी का सेवन करें।